देहरादून: देहरादून के नामी बिल्डर सतेंद्र साहनी उर्फ बाबा साहनी ने पार्टनरशिप के विवाद में अपनी विवाहित बेटी के पैसेफिक गोल्फ अपार्टमेंट सहस्रधारा रोड स्थित आठवीं मंजिल के फ्लैट की बालकनी से कूदकर जान दे दी। बिल्डर की पैंट की जेब से मिले सुसाइड नोट व उनके बेटे के बयानों के आधार पर पुलिस ने सहारनपुर उत्तर प्रदेश के निवासी चर्चित अजय कुमार गुप्ता व उनके बहनोई अनिल कुमार के विरुद्ध आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज कर लिया। त्वरित कार्रवाई करते हुए राजपुर थाना पुलिस ने दोनों को उनके देहरादून के कर्जन रोड डालनवाला स्थित आवास से हिरासत में ले लिया। लंबी पूछताछ के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

साहनी इंफ्रास्ट्रक्चर व साहनी इंफ्रा के मालिक रेसकोर्स निवासी बिल्डर सतेंद्र सिंह साहनी उर्फ बाबा साहनी की ओर से वर्तमान में सहस्रधारा हेलीपेड के निकट और राजपुर रोड पर अम्मा कैफे के निकट दो आवासीय परियोजनाओं का निर्माण कराया जा रहा था। इसमें उनके दो पार्टनर थे। परियोजना का बजट काफी अधिक होने के कारण सतेंद्र साहनी ने अपने परिचित भाजपा नेता बलजीत सोनी से संपर्क कर उनकी परियोजना के लिए किसी बड़े फाइनेंसर की तलाश करने को कहा। बलजीत सोनी ने उनकी मुलाकात सहारनपुर के चर्चित कारोबारी अनिल गुप्ता से कराई। चूंकि, गुप्ता बंधु पूर्व में काफी विवादों में रह चुके हैं, ऐसे में सतेंद्र साहनी ने शर्त रखी कि परियोजना में बजट लगाने के बावजूद गुप्ता बंधु न तो निर्माण साइट पर आएंगे और न ही अपना नाम परियोजना की पार्टनरशिप में सार्वजनिक करेंगे। दोनों में इसका लिखित समझौता हो गया। परियोजना पर गुप्ता बंधुओं ने कुल लागत की 85 प्रतिशत धनराशि लगा दी।

आरोप है कि इसके बाद समझौते का उल्लंघन करते हुए अनिल गुप्ता के भाई अजय गुप्ता ने परियोजना के कार्यों में हस्तक्षेप कर साइट पर आना-जाना शुरू कर दिया। उन्होंने साइट पर अपना प्रतिनिधि भी नियुक्त कर दिया। आरोप है कि इसके बाद गुप्ता बंधुओं ने बिल्डर साहनी व उनके दो अन्य पार्टनर पर परियोजना उनके नाम पर करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। जिसके बाद दोनों अन्य पार्टनरों ने परियोजना से हाथ खींच लिए। आरोप है कि गुप्ता बंधुओं की धमकी से परेशान बिल्डर सतेंद्र साहनी शुक्रवार की सुबह रेसकोर्स स्थित आवास से किसी को बिना कुछ बताए चले गए और अपनी विवाहित बेटी के पैसेफिक गोल्फ अपार्टमेंट में आठवीं मंजिल पर स्थित फ्लैट में पहुंचे। कुछ देर बेटी से बातचीत की और इसके बाद साहनी बालकनी में खड़े हो गए। इससे पहले बेटी कुछ समझ पाती, तभी साहनी ने बालकनी से छलांग लगा दी। पिता को नीचे गिरा देख बेटी वहां पहुंची और अन्य लोगों व सुरक्षाकर्मियों की मदद से उन्हें मैक्स अस्पताल ले गई, लेकिन चिकित्सकों ने साहनी को मृत घोषित कर दिया।

बेटे की तहरीर पर मुकदमा दर्ज
पुलिस को दी गई तहरीर में दिवंगत बिल्डर सतेंद्र साहनी के बेटे रणबीर सिंह साहनी ने बताया कि उनके पिता को अनिल गुप्ता व उनका भाई अजय कुमार गुप्ता लगातार ब्लैकमेल कर रहे थे। इस संबंध में उन्होंने 16 मई को पुलिस में शिकायत भी दी थी। अनिल गुप्ता व अजय कुमार गुप्ता उनके पिता पर दोनों परियोजना उनके नाम करने का दबाव डाल रहे थे। आरोपितों ने परेशान करने के लिए सहारनपुर में उनके पिता के खिलाफ एक झूठी शिकायत भी दी थी, जिसमें सहारनपुर पुलिस लगातार उनके पिता को पूछताछ के लिए बुला रही थी। शुक्रवार को भी सहारनपुर पुलिस ने सतेंद्र साहनी को पेश होने के लिए बुलाया हुआ था, जिसके कारण वह काफी घबराए हुए थे। आरोप है कि इसी कारण उन्होंने आत्महत्या कर ली।
पीएम-सीएम के नाम लिखा दो पन्नों का सुसाइड नोट
बिल्डर सतेंद्र साहनी ने आत्महत्या से पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को संबोधित करते हुए अंग्रेजी में दो पेज का सुसाइड नोट लिखा। जिसमें उन्होंने गुप्ता बंधुओं से परियोजना को लेकर हुई डीलिंग और फिर विवाद का जिक्र किया हुआ है। नोट के अंत में उन्होंने अपने परिवार की सुरक्षा की अपील भी की हुई है।

More Stories
Slot 5K untuk Pemula: Panduan Memahami Fitur dan Cara Bermain
Slot: Panduan Memahami Permainan, Fitur, dan Istilah yang Perlu Diketahui
प्रेमिका बोली…सत्यम ने मेंटली व फाइनेंशियली टॉर्चर किया, इसलिए मैंने ही मरवाई गोली