May 24, 2026

GarhNews

Leading News Portal of Garhwal Uttarakhand

एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल का अपराधियों पर वार, चर्चित हत्याकांड में शूटर की प्रेमिका गिरफ्तार

देहरादून: एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल का अपराधियों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है। एक वर्ष पुराने चर्चित अजय भटेजा हत्याकांड में राजपुर थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 25 हजार रुपये की इनामी हुमेरा उर्फ जोया को गिरफ्तार कर लिया है। जोया पूर्व में गिरफ्तार गैंगस्टर राजन उर्फ जैकी की प्रेमिका है।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार के अनुसार प्रॉपर्टी विवाद के चलते मृतक के सौतेले भाई अमित भटेजा ने ही अपने भाई की हत्या की साजिश रची थी और इसके लिए शार्प शूटर राजन उर्फ जैकी को सुपारी दी गई थी।

बताया कि राजपुर थाना क्षेत्र में 26 मई 2025 को अजय भटेजा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। मृतक के ममेरे भाई जतिन कुमार की तहरीर पर थाना राजपुर में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर थानाध्यक्ष पीडी भट्ट के नेतृत्व मव विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई। मोबाइल सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने पहले 19 मई 2026 को मुख्य आरोपी राजन उर्फ जैकी को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में उसने हत्या की पूरी साजिश का खुलासा किया और अपनी प्रेमिका हुमेरा उर्फ जोया की संलिप्तता भी स्वीकार की।।पुलिस के मुताबिक अमित भटेजा ने अपने भाई अजय की जाखन और मसूरी स्थित संपत्तियों पर कब्जा पाने के लिए हत्या की योजना बनाई थी। योजना के तहत 25 मई 2025 को राजन, उसकी प्रेमिका हुमेरा, अमित और एक अन्य साथी देहरादून पहुंचे। रात में सभी अजय भटेजा के जाखन स्थित घर पर रुके।

आरोप है कि पहले अजय को शराब पिलाकर उससे संपत्ति के दस्तावेज लेने की कोशिश की गई, लेकिन जब उसने दस्तावेज देने से इनकार किया तो राजन ने तकिये से मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपियों ने इसे आत्महत्या दिखाने के लिए शव को पंखे से लटकाने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके। इसके बाद कमरे की सफाई कर साक्ष्य मिटाने की कोशिश की गई। पुलिस के अनुसार राजन घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर और कुछ दस्तावेज भी अपने साथ ले गया था। फरार चल रही अभियुक्ता हुमेरा उर्फ जोया को पुलिस ने सहारनपुर से गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य साजिशकर्ता अमित भटेजा अब भी फरार है। उसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

About Author