
देहरादून: बच्ची का अपहरण व दो लाख रुपये कज फिरौती मांगने वाले इनामी बदमाश को दून पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। बदमाश के पैर में गोली लगी है। जिसके चलते उसे इलाज के लिए जौलीग्रांट अस्पताल में भर्ती करवाया गया। घटना के बाद मौके पर पहुंचे एसएसपी अजय सिंह ने बदमाश से पूछताछ की।

एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि थाना रानीपोखरी पुलिस ने बताया कि भोगपुर-थानो रोड पर शनिवार शाम पुलिस वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान देहरादून की तरफ से एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल आती दिखाई दी। बाइक सवार को रुकने का इशारा किया तो वह पुलिस के सामने बाइक को तेजी से भगाने लगा। रानीपोखरी के थानाध्यक्ष संदीप कुमार ने संदिग्ध वाहन की तलाशी के लिए चेकिंग अभियान चलाया गया और कंट्रोल रूम को सूचना दी। इस दौरान थानो रोड पर वाहन चालक ने पुलिस को अपना पीछा करता देख फायरिंग शुरू कर दी और जंगल में सड़क किनारे पेड़ की आड़ से पुलिस पर फायरिंग करता रहा। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक गोली बदमाश के पैर में लगी। इसके बाद उसे गिरफ्तार करते हुए जौलीग्रांट स्थित हिमालय अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

एसएसपी ने बताया कि बदमाश की पहचान मुस्तकीम उम्र 24 वर्ष निवासी चांदखेड़ी थाना दिलारी तहसील ठाकुरद्वारा जिला मुरादाबाद के रूप में हुई है। मुस्तकीम पर 10 हजार रुपये का इनाम है और वर्ष 2021 में पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र से बच्ची के अपहरण कर दो लाख की फिरौती मांगने के मुकदमे में भी वांछित चल रहा था। बदमाश के पास से तमंचा व बिना नंबर की बाइक बरामद हुई है। उससे पूछताछ जारी है।




