October 3, 2026

GarhNews

Leading News Portal of Garhwal Uttarakhand

हल्की टक्कर के बाद सड़क पर लिटाकर स्कूटी सवार को पीटा, तमाशबीन बनी पुलिस व लोग

मसूरी। पर्यटन नगरी मसूरी में शनिवार शाम सड़क पर मामूली टक्कर के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि कार चालक ने स्कूटी सवार की सड़क पर ही जमकर पिटाई कर दी। लाइब्रेरी बाजार स्थित श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर के ठीक सामने हुई इस घटना के दौरान आसपास मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे। कुछ लोग मारपीट रोकने के बजाय मोबाइल से वीडियो बनाते नजर आए। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में है।

जानकारी के अनुसार शनिवार शाम लाइब्रेरी बाजार में श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर के सामने एक स्कूटी और कार की हल्की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहन सवारों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते कार चालक तैश में आ गया और उसने स्कूटी सवार के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि कार चालक ने स्कूटी सवार को सड़क पर गिराकर उसके साथ जमकर मारपीट की।

घटना के दौरान सड़क पर लोगों की आवाजाही भी जारी रही, लेकिन काफी देर तक किसी ने बीच-बचाव करने की कोशिश नहीं की। आसपास मौजूद कुछ लोग पूरी घटना को अपने मोबाइल कैमरे में कैद करते रहे। मारपीट का वीडियो अब सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मसूरी जैसे प्रमुख पर्यटन स्थल पर इस तरह सड़क पर विवाद और मारपीट की घटनाएं चिंता बढ़ाने वाली हैं। खास बात यह है कि घटनास्थल से महज कुछ कदम की दूरी पर पुलिस चौकी भी मौजूद है। इसके बावजूद सड़क पर मारपीट की घटना होना पुलिस की मौजूदगी और त्वरित हस्तक्षेप पर भी सवाल खड़े करता है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही के साथ सड़क पर विवाद और हुड़दंग की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। लोगों ने पुलिस से ऐसे मामलों में तत्काल कार्रवाई और बाजार क्षेत्र में निगरानी की मांग की है।

About Author