August 19, 2026

GarhNews

Leading News Portal of Garhwal Uttarakhand

भारी बारिश के अलर्ट के चलते देहरादून में 20 अगस्त को स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद

देहरादून: जिले में लगातार हो रही तेज बारिश और मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने 20 अगस्त को सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने का आदेश जारी किया है। जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. आशीष चौहान ने बुधवार रात आदेश जारी करते हुए कक्षा एक से 12 तक संचालित सभी शासकीय, अशासकीय और निजी विद्यालयों के साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है।

जिला प्रशासन की ओर से जारी आदेश में बताया गया है कि वर्तमान में जनपद में तीव्र वर्षा का दौर जारी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून एवं एनडीएमए के अलर्ट के साथ ही नेशनल डिजास्टर अलर्ट पोर्टल पर 19 अगस्त को जारी अद्यतन मौसम नाउकास्ट/फोरकास्ट के अनुसार 20 अगस्त की मध्याह्न तक देहरादून जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। इसके अलावा आकाशीय बिजली चमकने और वर्षा के अत्यंत तीव्र दौर की भी आशंका जताई गई है।

मौसम की संभावित गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाया है। आदेश में कहा गया है कि खराब मौसम के कारण जनपद में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना घटित हो सकती है। विशेषकर स्कूली बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शैक्षणिक संस्थानों को बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी देहरादून और जिला कार्यक्रम अधिकारी देहरादून को निर्देशित किया है कि जिले के सभी सरकारी, गैर सरकारी एवं निजी स्कूलों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आदेश की जानकारी सभी संबंधित संस्थानों तक तत्काल पहुंचाई जाए, ताकि बच्चों और अभिभावकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

जिले में पिछले कुछ दिनों से कई क्षेत्रों में तेज बारिश के कारण जलभराव, सड़क अवरोध और भूस्खलन जैसी स्थिति सामने आ रही है। ऐसे में प्रशासन ने मौसम की स्थिति को देखते हुए लोगों से भी सतर्क रहने की अपील की है। विशेष रूप से नदी-नालों और संवेदनशील क्षेत्रों के आसपास अनावश्यक आवागमन से बचने की सलाह दी गई है।

जिला प्रशासन के अनुसार मौसम की स्थिति और आपदा संबंधी अलर्ट पर लगातार नजर रखी जा रही है। परिस्थितियों के अनुसार आगे भी आवश्यक निर्णय लिए जा सकते हैं।

About Author