लोक सेवा आयोग : युवाओं को अधिकतम आयु सीमा और शुल्क में राहत, मुख्यमंत्री के निर्देश पर कार्मिक सचिव शैलेश बगोली ने जारी किए आदेश

देहरादून: यूकेएसएसएससी में परीक्षा के लिए पहले आवेदन कर चुके युवाओं को अधिकतम आयु सीमा और शुल्क में राहत दी गई है। उन्हें राज्य लोक सेवा आयोग के माध्यम से होने वाली इन परीक्षाओं के लिए शुल्क नहीं देना होगा। साथ में अधिकतम आयु सीमा पूरी कर चुके अभ्यर्थियों को परीक्षा में बैठने का एक बार मौका दिया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश के बाद कार्मिक एवं सतर्कता विभाग ने इस संबंध में राज्य लोक सेवा आयोग और यूकेएसएसएससी को अलग-अलग आदेश जारी किए।
यूकेएसएसएससी की भर्ती परीक्षाओं में घोटाला सामने आने के बाद सरकार ने संस्था के माध्यम से 770 पदों के लिए कराई गईं पांच परीक्षाएं रद की थीं। इन परीक्षाओं का परीक्षाफल घोषित नहीं किया गया था। 5340 पदों के लिए 13 भर्ती परीक्षाओं के लिए यूकेएसएसएससी ने विज्ञापन जारी किया था, लेकिन परीक्षाएं नहीं कराईं थीं। सरकार ने अब इन पदों की भर्ती को राज्य लोक सेवा आयोग की परिधि में सम्मिलित किया है। राज्य लोक सेवा आयोग ही भर्ती परीक्षाएं कराएगा। सरकार के इस निर्णय के बाद आयोग भर्ती परीक्षाओं का कैलेंडर जारी कर चुका है।




