अपराध

विधायक को मंत्री बनाने का प्रलोभन देकर मांगी रकम, गृहमंत्री का बेटा बनकर ठगी की साजिश

नैनीताल: आमजन के साथ अब माननीय भी साइबर ठगों के निशाने पर हैं। कुमाऊं परिक्षेत्र में दो विधायकों को मंत्री बनाने का प्रलोभन देकर ठगी का प्रयास करने का मामला सामने आया है। काल करने वाले व्यक्ति ने खुद को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का बेटा जय शाह बताया। इस मामले में नैनीताल में मुकदमा दर्ज किया गया है।

नैनीताल की विधायक सरिता आर्य के जनसंपर्क अधिकारी पुरुषोत्तम गरवाल ने तल्लीताल थाने में तहरीर दी है कि बीते 13 फरवरी को विधायक के फोन पर एक अज्ञात नंबर से काल आया। फोन करने वाले शख्स ने खुद को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का बेटा जय शाह बताया और कहा कि पापा अमित शाह व पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा मणिपुर में व्यस्त हैं। इस दौरान विधायक को विधायक बनने का प्रलोभन देकर रकम की मांग की। साथ ही कहा कि राष्ट्रीय खेलों के समापन के लिए गृहमंत्री हल्द्वानी आ रहे है, तब तक आप दिल्ली आ जाए। कार्यालय में पार्टी फंड जमा करने के बाद 14 फरवरी की शाम केंद्रीय मंत्री व राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ उनकी बैठक आयोजित की जाएगी।

जब इस संबंध में विधायक ने जेपी नड्डा से संपर्क कर जानकारी लेनी चाही तो उन्हाेंने इस प्रकार की किसी बातचीत से मना कर दिया। यह फ्रांड कॉल केंद्रीय मंत्री व राष्ट्रीय अध्यक्ष को बदनाम करने की साजिश हो सकती है संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। थानाध्यक्ष रमेश सिंह बोहरा ने बताया कि मामले में अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया। इसी तरह ठगों ने रूद्रपुर के विधायक शिव अरोड़ा को भी विधायक बनाने का झांसा देकर उनसे तीन करोड़ रुपये की डिमांड कर चुके हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button