अपराध

साढ़े चार साल के मासूम को घर के आंगन से उठाकर ले गया गुलदार, पौड़ी जिले के चाकीसैण क्षेत्र की है घटना, जिले में थम नहीं रहा गुलदार का आतंक

पौड़ी: जिले में गुलदार का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा। पिछले दिनों दुगड्डा में बेटी को स्कूल छोड़कर घर लौट रही महिला पर गुलदार ने हमला कर दिया था जिससे उसकी मौत हो गई। अब चाकीसैण के ग्राम बडैथ में गुलदार घर के आंगन में घूम रहे साढ़े चार साल के मासूम को उठा ले गया।

घटना गुरुवार रात करीब आठ बजे की है। ग्राम बड़ेथ निवासी लाल सिंह का साढ़े चार वर्षीय बेटा आर्यन रावत घर के आंगन में खेल रहा था। इसी दौरान अचानक गुलदार ने आर्यन पर झपट्टा मार दिया और उसे घसीटते हुए झाड़ियों की ओर ले गया। राजस्व निरीक्षक चेतन सिंह रावत ने बताया कि सूचना मिलते ही गढ़वाल वन प्रभाग के साथ ही थैलीसैंण थाने से पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हो गई।

दूसरी ओर दुगड्डा ब्लाक के गोदी बड़ी गांव में गत 19 जुलाई की सुबह महिला को मारने वाला गुलदार पिंजरे में कैद हो गया है। वन विभाग ने हमलावर गुलदार को चिड़ियापुर स्थित विभागीय रेस्क्यू सेंटर भेज दिया है। उधर, क्षेत्र में दूसरा गुलदार भी लोगों को दिखाई दिया है जिससे वन विभाग की क्षेत्र में गश्त जारी है।

गोदी बड़ी गांव में गत 19 जुलाई को रीना देवी (38) को घात लगाए बैठे गुलदार ने हमला कर मार डाला था। वन विभाग की ओर से हमलावर गुलदार को पकड़ने के लिए घटना के दिन से ही गांव में दो पिंजरे और कैमरा ट्रैप लगाए गए थे लेकिन गुलदार एक सप्ताह बाद भी नहीं पकड़ा गया। बुधवार रात एक गुलदार पिंजरे में कैद हो गया। जिसे प्रथम दृष्टया हमलावर गुलदार बताया जा रहा है। उधर, ग्रामीण चंद्रप्रकाश चौधरी ने बताया कि एक गुलदार के पिंजरे में फंसने के बाद भी क्षेत्र में एक और गुलदार भी दिखाई दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button