
देहरादून। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) और राष्ट्रीय आपदा अलर्ट पोर्टल द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के मद्देनजर देहरादून जिला प्रशासन ने 9 जुलाई 2026 (गुरुवार) को जिले के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है। मौसम विभाग ने 9 जुलाई को जनपद में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली चमकने तथा वर्षा के अत्यंत तीव्र दौर की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण डॉ. आशीष चौहान द्वारा जारी आदेश के अनुसार संभावित प्राकृतिक आपदा और विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी सरकारी, अशासकीय और निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्र 9 जुलाई को बंद रहेंगे।
आदेश में मुख्य शिक्षा अधिकारी देहरादून और जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देशित किया गया है कि वे अपने अधीनस्थ सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराएं।
प्रशासन ने कहा है कि मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर आगे भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, पुलिस, एसडीआरएफ तथा अन्य संबंधित विभागों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।
जिला प्रशासन ने अभिभावकों से बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मौसम संबंधी आधिकारिक सूचनाओं का पालन करने और अफवाहों से बचने की अपील की है।



