मौसम

भारी बारिश का अलर्ट, 18 जुलाई को सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद

देहरादून : अगले 24 घंटे के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने शनिवार, 18 जुलाई 2026 को जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी और निजी स्कूलों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है। जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण डॉ. आशीष चौहान द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), देहरादून तथा नेशनल डिजास्टर अलर्ट पोर्टल द्वारा जारी ताजा मौसम पूर्वानुमान के अनुसार जनपद में कहीं-कहीं भारी से अत्यधिक भारी वर्षा, आकाशीय बिजली चमकने तथा तेज से अत्यंत तेज बारिश होने की संभावना है। इसे देखते हुए जनपद के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

संभावित प्राकृतिक आपदाओं और विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शिक्षण संस्थानों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में 18 जुलाई को अवकाश घोषित किया गया है। आदेश के अनुसार इस दौरान सभी सरकारी, सहायता प्राप्त, गैर-सरकारी और निजी विद्यालय बंद रहेंगे।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी, देहरादून तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि वे सभी शिक्षण संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराएं।

जिला प्रशासन ने लोगों से भी अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें तथा मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। किसी भी आपात स्थिति में जिला प्रशासन और संबंधित विभागों द्वारा जारी हेल्पलाइन पर संपर्क करने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button