देहरादून। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), राष्ट्रीय आपदा चेतावनी पोर्टल और उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) की ओर से जारी रेड अलर्ट के मद्देनज़र जिला प्रशासन ने सोमवार, 20 जुलाई 2026 को देहरादून जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी और निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित कर दिया है।
जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. आशीष चौहान द्वारा जारी आदेश के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान जिले में कई स्थानों पर भारी से अत्यंत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली गिरने तथा बारिश के अत्यधिक तीव्र दौर की संभावना जताई गई है। खराब मौसम के कारण जनजीवन प्रभावित होने और किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए एहतियातन यह निर्णय लिया गया है।
आदेश में कहा गया है कि जिले के कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शैक्षणिक संस्थानों तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 20 जुलाई को अवकाश रहेगा। यह आदेश विद्यार्थियों की सुरक्षा और आपदा जोखिम को कम करने के उद्देश्य से जारी किया गया है।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि वे आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराएं। सभी सरकारी, सहायता प्राप्त, निजी विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने विद्यालय प्रबंधन और अभिभावकों से भी अपील की है कि वे मौसम की गंभीरता को देखते हुए बच्चों को घर से बाहर न भेजें और केवल अत्यंत आवश्यक होने पर ही यात्रा करें।
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें तथा किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग के हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें।
रेड अलर्ट के बीच प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकतानुसार आगे भी निर्देश जारी किए जाएंगे।

More Stories
प्रदेश में चार दिन भारी बारिश का अलर्ट, मौसम विभाग ने सतर्कता बढाने के दिये निर्देश
भारी बारिश का अलर्ट, 18 जुलाई को सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद
भारी बारिश का अलर्ट : जनपद में 09 जुलाई को स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों की छुट्टी