अपराध

हत्या के मुख्य आरोपी हाशिम को मुठभेड़ में लगी गोली, ईंट भट्ठे में छिपा था

खटीमा: कोतवाली खटीमा क्षेत्र में हुई हत्या की गुत्थी को पुलिस ने त्वरित और निर्णायक कार्रवाई के साथ सुलझा लिया है। 12 दिसंबर 2025 को रोडवेज बस स्टेशन के सामने मारपीट की घटना में गंभीर रूप से घायल युवक तुषार भारद्वाज की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई थी, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हुए थे। इस मामले में मृतक के परिजन की तहरीर पर थाना खटीमा में मुकदमा दर्ज किया गया था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा ने घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल अलग–अलग पुलिस टीमों का गठन कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। विवेचना के दौरान चश्मदीदों के बयान और सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण से सामने आया कि मुख्य आरोपी हाशिम ने अपने साथियों के साथ मिलकर तुषार भारद्वाज पर चाकुओं से हमला कर निर्मम हत्या की तथा अन्य दो युवकों को गंभीर रूप से घायल किया।

एसएसपी के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर रुद्रपुर उत्तम सिंह नेगी एवं क्षेत्राधिकारी खटीमा बिमल रावत के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक खटीमा बिजेन्द्र शाह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश तेज की। 13/14 दिसंबर की रात मुखबिर की सूचना पर कस्बा झनकट स्थित ईंट भट्ठे के पास घेराबंदी की गई। पुलिस की ओर से आत्मसमर्पण के लिए कहे जाने पर आरोपी हाशिम ने जान से मारने की नीयत से पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी और उसे काबू कर लिया गया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार के लिए नानकमत्ता अस्पताल ले जाया गया, जहां से जिला चिकित्सालय रुद्रपुर रेफर किया गया। फिलहाल आरोपी पुलिस अभिरक्षा में उपचाराधीन है।

हत्या में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और शीघ्र ही सभी आरोपियों को कानून के शिकंजे में लिया जाएगा।

गिरफ्तार आरोपी
हाशिम पुत्र अनवार हुसैन, निवासी चंदा मियां वाली गली, वार्ड संख्या–10, गोटिया, थाना खटीमा, जनपद ऊधम सिंह नगर, उम्र 21 वर्ष।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
निरीक्षक बिजेन्द्र शाह (प्रभारी निरीक्षक खटीमा), वरिष्ठ उपनिरीक्षक ललित मोहन रावल, उपनिरीक्षक ललित बिष्ट, कांस्टेबल दीपक कुमार, कांस्टेबल मोहसिन एवं कांस्टेबल कमल पाल।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button