देहरादून: हरिद्वार में व्यवसायी पर फायर झोंकने वाले बदमाशों को हरिद्वार पुलिस ने पंजाब से गिरफ्तार किया है। 02 जून 2025 को हरिद्वार के थाना कोतवाली नगर क्षेत्र में खड़खड़ी स्थित सूखी नदी पुल के समीप एक होटल व्यवसायी को अज्ञात बाईक सवारों ने गोली मार दी थी। घटना में घायल होटल व्यवसायी अरुण पुत्र सत्यवान निवासी सांपला, रोहतक (हरियाणा), उम्र 25 वर्ष को तत्काल उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मामले में पीड़ित के पिता की तहरीर पर थाना कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज किया गया था।
इस जघन्य अपराध के अनावरण के लिए तत्काल संयुक्त पुलिस टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने उच्च स्तरीय सर्विलांस, मुखबिर तंत्र एवं लगभग 1000 से अधिक CCTV फुटेज के विश्लेषण सहित हरियाणा, उत्तर प्रदेश एवं पंजाब में गहन सुरागरसी की गई। लगातार अभियान के अंतर्गत दिनांक 11 जून 2025 को पुलिस टीम ने पंजाब के फगवाड़ा क्षेत्र में दबिश देकर बदमाश मानव हंस एवं गौरव कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान यह तथ्य सामने आया कि दोनों बदमाश नंदू उर्फ कपिल सागवान गैंग के सक्रिय सदस्य हैं तथा घटना गैंगवार की पुरानी रंजिश का परिणाम थी। इस मामले में फरार हिमांशु सूद, बॉबी एवं शम्मी खान की तलाश भी जारी है।
जांच से यह भी स्पष्ट हुआ कि हत्या की साजिश विदेश में बैठे गैंग लीडर नंदू उर्फ कपिल ने रची थी, जिसकी प्रतिद्वंद्वी मंजित महल गैंग से पुरानी दुश्मनी चली आ रही है। घटनास्थल पर हमले के दौरान प्रयुक्त पिस्टल, बाईक व जंग्गी एप्प का उपयोग कर बदमाश ने पुलिस की निगरानी से बचने का प्रयास किया, जिसे सतर्कता पूर्वक विफल किया गया। पकड़े गए बदमाशों के अतिरिक्त तीन फरार साथियों हिमांशु सूद, बॉबी एवं शम्मी खान की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। बदमाशों के विरुद्ध पंजाब में कई गंभीर धाराओं में आपराधिक मामले दर्ज हैं।
डीजीपी उत्तराखंड दीपम सेठ, ने इस सफल अनावरण में शामिल सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना करते हुए अपराधियों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्यवाही सुनिश्चित करने व अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के निर्देश भी SSP हरिद्वार को दिए हैं।*
गिरफ्तार बदमाश
- मानव हंस, पुत्र अजय कुमार, निवासी हरगोविंद नगर, थाना सिटी फगवाड़ा, जिला कपूरथला, पंजाब (उम्र 21 वर्ष)
- गौरव कुमार, पुत्र लक्ष्मी दास, निवासी BDO बहराय, नवांशहर, पंजाब (उम्र 28 वर्ष)

More Stories
बडोवाला में बैंककर्मी पर दबंगों ने झोंका फायर, गोली कर्मी के पेट को छूकर निकली
रजिस्ट्री फर्जीवाड़े में ED की बड़ी कार्रवाई, मुख्य आरोपी नवीन मित्तल को दबोचा
फर्जी शस्त्र लाइसेंस गिरोह का पर्दाफाश, STF ने गन हाउस के मालिक को किया गिरफ्तार