देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में एक बार फिर अपराध की गंभीर घटनाओं ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर पटेलनगर कोतवाली से महज 100 मीटर की दूरी पर एक युवक की गला रेतकर हत्या कर दी गई, वहीं विकासनगर के कल्याणपुर क्षेत्र में बंद मकान के भीतर हुई फायरिंग में एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। दोनों घटनाओं के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है।
पटेलनगर क्षेत्र में हुई घटना में मृतक की पहचान दीपक गुप्ता के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार वारदात एक कमरे के भीतर हुई। परिजनों ने कमरे से चीखने की आवाज सुनकर दरवाजा खोला तो दीपक लहूलुहान हालत में पड़े थे। मौके पर मौजूद एक युवक के हाथ में चाकू था, जिसे परिजनों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। कोतवाली के इतने करीब हुई हत्या से स्थानीय लोगों में दहशत है।
उधर विकासनगर के कल्याणपुर में बुधवार सुबह बंद मकान से गोली चलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। दरवाजा अंदर से बंद होने पर उसे तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया। कमरे में कमलेश, निवासी हयो, थाना चकराता, मृत मिले जबकि संगीता नेगी, निवासी भटाणु, त्यूणी, गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिलीं। उन्हें पहले स्थानीय अस्पताल और बाद में ग्राफिक एरा अस्पताल रेफर किया गया।
पुलिस के अनुसार मकान रविंद्र बिष्ट का है, जहां संगीता नेगी अपने दो बच्चों के साथ किराये पर रहती थीं। मौके से 315 बोर का तमंचा, एक खोखा और कुछ जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। राजधानी और उसके आसपास लगातार सामने आ रही हत्या और फायरिंग की घटनाओं ने लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों में गहन जांच जारी है और जल्द ही घटनाओं का खुलासा किया जाएगा।

More Stories
विजिलेंस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, एक दिन में दो रिश्वतखोर पकड़े
सब्सिडी की फाइल आगे बढ़ाने के नाम पर रिश्वत लेते कोटद्वार निवासी कृषि अधिकारी गिरफ्तार
लापरवाही पर JE पर गिरी गाज, एमडी (यूपीसीएल) ने किया सस्पेंड, करंट लगने से मां-बेटी की हुई थी मृत्यु