अपराध

पेपर आउट प्रकरण: असिस्टेंट प्रोफेसर व जेई सहित 04 पर मुकदमा

देहरादून: यूकेएसएसएससी के स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा का पर्चा आउट प्रकरण में दून पुलिस ने अमरोडा डिग्री कालेज प्रतापनगर टिहरी गढ़वाल में तैनात असिस्टेंट प्रोफेसर सुमन, हरिद्वार में केंद्रीय लोक निर्माण विभाग में संविदा पर तैनात जेई खालिद व खालिद की दो बहनों हिना व साबिया के खिलाफ रायपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया है। स्पेशल जांच दल (एसआइटी) ने मुकदमे में नाजजद आरोपी असिस्टेंट प्रोफेसर सुमन, मुख्य आरोपित खालिद की बहन हिना व साबिया को हिरासत में लिया है जबकि खालिद अब भी फरार है।
21 सितंबर को आयोग की ओर से आयोजित की गई स्नातक स्तरीय परीक्षा के दौरान इंटरनेट मीडिया पर प्रश्नपत्र के आउट होने संबंध में जांच करने के लिए एसएसपी अजय सिंह की ओर से एसआइटी गठित की। जांच में सामने आया कि परीक्षा रविवार सुबह 11 बजे शुरू हुई। करीब डेढ़ बजे सोशल मीडिया पर परीक्षा के पेपर बाहर आने संबंधी कुछ पोस्ट इंटरनेट मीडिया पर वायरल किए जाने लगे। इस मामले में आयोग की ओर से रायपुर थाने में प्रार्थना पत्र दिया गया।

जांच में यह आया सामने

जांच में सामने आया कि असिस्टेंट प्रोफेसर सुमन के मोबाइल पर प्रातः 7:55 बजे खालिद के मोबाइल से वाट्सएप मैसेज आया कि उसकी बहन का पेपर है, उसकी मदद करनी है। इसके बाद 08:02 बजे सुमन ने ओके मैसेज किया। 11:34 बजे खालिद के नंबर से खालिद की बहनें साबिया व हिना की वाट्सएप पर काल आई। 11:35 बजे स्नातक स्तरीय परीक्षा के प्रश्न पत्र के तीन पेज की फोटो, जिसमें 12 प्रश्न थे, सुमन के मोबाइल पर प्राप्त हुए। सुमन ने प्रश्नों के उत्तर हाथ से लिखकर 11:45 बजे खालिद के मोबाइल नंबर पर वापस भेजे।

सुमन ने बॉबी पंवार को भेजे प्रश्न पत्र के तीन पन्ने

इसके बाद सुमन को कुछ शक हुआ और अपनी बहन सीमा से पूछा। उसकी बहन ने कहा कि उसके पास बाबी पंवार का नंबर है, उससे मालूम करने के लिए बताया और बाबी पंवार का नंबर भी दिया। सुमन ने किसी अधिकृत विभाग को सूचना देने के बजाय 12:21 बजे बाबी पंवार का नंबर मिलाकर उससे बात की और 12:28 बजे बाबी पंवार को तीनों पेजों के साथ ही हाथ से लिखे उत्तर वाट्सएप पर भेजे। दोपहर 12:32 बजे बाबी पंवार ने कहा कि इस संबंध में किसी को मत बताना और उसके बाद दोपहर 12:42 और 12:43 बजे फोन किया। इस पूरे प्रकरण में सुमन, खालिद व खालिद की दो बहनें साबिया व हिना सहित अन्य अज्ञात शामिल लोगों ने लोक व्यवस्था भंग करने का प्रयास किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button