अपराध

परीक्षा में नकल : बनियान के अंदर कैमरे छिपाकर बाहर भेज रहे थे पेपर, ब्लूटूथ से कर रहे थे नकल, पुलिस ने यहां दबोचे दो मुन्नाभाई

देहरादून: भारतीय वन्य जीव संस्थान की ओर से आयोजित परीक्षा में दो मुन्नाभाई ब्लूटूथ से नकल करते पकड़े गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह के निर्देश पर दोनों आरोपितों के विरुद्ध पटेलनगर कोतवाली में नकल विरोधी कानून के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर रही है।

पटेलनगर कोतवाली के इंस्पेक्टर सूर्यभूषण नेगी के रविवार को राजा राममोहन राय पब्लिक स्कूल पटेल नगर में भारतीय वन्य जीव संस्थान की ओर से मल्टी टास्किंग स्टाफ पद की परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा दोपहर तीन से पांच की पाली में थी। पुलिस को सूचना मिली कि परीक्षा केंद्र में बैठे दो अभ्यर्थियों की भूमिका संदिग्ध लग रही है। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने दोनों अभ्यर्थियों की तलाशी ली तो उनके कान में ब्लूटूथ लगा मिला।

उन्होंने बताया कि पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि उन्होंने बनियान के अंदर छोटा कैमरा लगाया हुआ था, जिसके माध्यम से वह पेपर की फोटो बाहर भेज रहे थे। परीक्षा केंद्र के बाहर बैठा व्यक्ति उन्हें ब्लूटूथ के माध्यम से उत्तर बता रहा था। पुलिस ने तत्काल आरोपित मोहित मौर्य और नवराज निवासी जींद हरियाणा को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपितों के विरुद्ध संस्थान की उप कुलसचिव बलजीत कौर की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इंस्पेक्टर नेगी ने बताया कि अभी आरोपितों से कैमरे बरामद नहीं हो पाए हैं, जिनकी बरामदगी की जानी है। इसके अलावा आरोपितों से पूछताछ की जा रही है, उन्हें बाहर से कौन उत्तर बता रहा था।

एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री की ओर से प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता लाने के लिए उत्तराखंड राज्य में नकल विरोधी कानून लागू कराया गया है। परीक्षाओं के दौरान अनुचित साधनों का इस्तेमाल करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध उक्त कानून के तहत कठोर से कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button