अपराध

जमीन धोखाधड़ी में उद्योगपति व उसका बेटा गिरफ्तार, 1.26 करोड़ की धोखाधड़ी में फंसे

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आदेश पर अब दून पुलिस ने भूमाफिया पर ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू कर दी है। शहर के प्रतिष्ठित उद्योगपति अमरीश कुमार ओबराय व बेटे प्रणव ओबराय को जमीन धोखाधड़ी के मामले में शहर कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जबकि दूसरा बेटा श्रवण ओबराए अभी फरार है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को पुलिस ने कोर्ट के समक्ष पेश किया जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया है। आरोपियों ने बैंक में बंधक जमीन को 1.26 करोड़ रुपये में बेच दिया था।

वर्णित अग्रवाल निवासी विष्णु विहार विकासनगर ने बताया कि वह व्यावसाय के लिए देहरादून में जमीन की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात विजय सिंह के माध्यम से अमरीश कुमार ओबराय, प्रणव ओबराय और श्रवण ओबराय से हुई। आरोपितों ने उन्हें कुआंवाला में एक जमीन दिखाई और खुद को जमीन का मालिक बताया। जमीन का सौदा 1.26 करोड़ रुपये में हुआ, और आरोपियों ने जमीन को पूरी तरह से पाक साफ बताया। जिसके बाद उन्होंने पूरी रकम अदा कर दी। 15 मार्च 2018 को जब वह जमीन की रजिस्ट्री करने के लिए कोर्ट पहुंचे तो पता चला कि आरोपियों ने जमीन को यूनियन बैंक आफ इंडिया में बंधक रखा हुआ है और ऋण प्राप्त किया हुआ है।

आरोपियों ने राजस्व अभिलेखों में छेड़छाड़ कर फर्द से यूनियन बैंक आफ इंडिया मेंं बंधक का आदेश हटा दिया था और सोची समझी साजिश के तहत कूटरचित फर्द उपलब्ध कराई। कोर्ट के आदेश पर 28 नवंबर 2024 को शहर कोतवाली पुलिस ने अमरीश कुमार ओबराय, प्रणव ओबराय व श्रवण ओबराय निवासी रेसकाेर्स हरिद्वार रोड के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपितों ने उच्च न्यायालय से स्टे आर्डर हासिल किया। आरोपितों ने उच्च न्यायालय में जो एफिडेविड दिया उसमें लिखा कि उनके खिलाफ कोई अपराधिक मामला दर्ज नहीं है।

शिकायतकर्ता पक्ष के वरिष्ठ अधिवक्ता युद्धवीर हांडा ने कोर्ट को बताया कि आराेपियों ने गलत एफिडेविड दाखिल कर स्टे लिया है जबकि उसके खिलाफ पूर्व में ही 19 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें धोखाधड़ी, इनकम टैक्स, सेल टेक्स व बैंक की करोड़ों रुपये की रिकवरी के मुकदमे शामिल हैं। चारों तरफ से फंसे आरोपियों ने एफिडेविड वापस ले लिया, जिसके बाद बुधवार को शहर कोतवाली पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि भूमाफिया को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button