राजनीति

उत्तराखंड में ‘आप’ को बड़ा झटका, मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार रहे कर्नल अजय कोठियाल ने छोड़ी पार्टी

देहरादून: उत्तराखंड में बुधवार का दिन आम आदमी पार्टी(आप) के लिए बड़ा झटका लेकर आया। कर्नल अजय कोठियाल (सेवानिवृत्त) ने पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। पार्टी आलाकमान ने कोठियाल को उत्तराखंड विधानसभा चुनाव (विस) में मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाया था। उन्होंने गंगोत्री सीट से विधानसभा चुनाव लड़ा था, हालांकि हार का सामना करना पड़ा था। अपने इस्तीफे को लेकर उन्होंने कहा कि त्यागपत्र पूर्व सैनिकों, पूर्व अर्धसैनिकों, बुजुर्गों, महिलाओं, युवाओं और बुद्धिजीवियों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए दिया है।

कोठियाल के बाद आम आदमी पार्टी के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष भूपेश उपाध्याय ने भी इस्तीफा दे दिया है।कोठियाल भारतीय सेना में कर्नल रहे हैं। उत्तराखंड में सैनिक परिवारों की संख्या काफी है। आम आदमी पार्टी भी कोठियाल के इस जुड़ाव को पहाड़ पर सियासत करने के लिए सकारात्मक बिंदु मानती थी। कोठियाल का अपने क्षेत्र के साथ ही कई इलाकों में अच्छा प्रभाव है। जाहिर है कि उनके पार्टी छोड़ने पर ‘आप’ को नुकसान होगा।

हालांकि अभी कोठियाल ने अपने भविष्य के पत्ते नहीं खोले हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अजय कोठियाल को भोले का फौजी बताते थे। आम आदमी पार्टी को कोठियाल और कोठियाल को आम आदमी पार्टी से काफी उम्मीदें थीं। हालांकि विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को हार का सामना करना पड़ा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button