अपराध

अंकिता हत्याकांड: SIT ने तैयार की 500 पन्नों की चार्जशीट, बनाए 100 गवाह, सोमवार को कोर्ट में दाखिल होगी चार्जशीट

देहरादून: अंकिता हत्याकांड के तीनों आरोपियों के खिलाफ विशेष जांच दल (एसआईटी) ने चार्जशीट तैयार कर ली है। 500 पन्नों की चार्जशीट शनिवार को नियमानुसार अभियोजन कार्यालय भेज दी गई। इसमें 100 गवाहों के नाम और 30 से ज्यादा दस्तावेजी साक्ष्य शामिल हैं। अभियोजन कार्यालय से जांच के बाद इसे सोमवार को कोर्ट में दाखिल किया जाएगा।

अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था एवं पुलिस प्रवक्ता वी मुरुगेशन ने शनिवार को पुलिस लाइन में इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तीनों आरोपियों को 22 सितंबर 2022 को गिरफ्तार किया गया था। नियमानुसार पुलिस के पास चार्जशीट दाखिल करने के लिए 90 दिन का समय था। इससे पहले ही 86 दिन की विवेचना में 100 गवाहों के बयान दर्ज किए हैं। मुख्य गवाहों के मजिस्ट्रेटी बयान भी दर्ज कराए गए हैं।

फोरेंसिक जांच रिपोर्ट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को चार्जशीट में शामिल किया गया है। इन सबके आधार पर आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 302 (हत्या), 201 (साक्ष्य छुपाना), 120बी (आपराधिक षड्यंत्र), 354क (छेड़खानी व लज्जा भंग) और अनैतिक देह व्यापार अधिनियम में चार्जशीट तैयार की गई है। एडीजी ने बताया कि आरोपियों के नार्को टेस्ट या पॉलीग्राफ टेस्ट पर कोर्ट में 22 दिसंबर को सुनवाई होगी। इसके बाद सप्लीमेंट्री चार्जशीट अलग से दाखिल की जाएगी। 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button