हरिद्वार। कृषि यंत्र खरीदने के लिए मिलने वाली सब्सिडी की फाइल आगे बढ़ाने के एवज में 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगना सहायक कृषि अधिकारी को भारी पड़ गया। सतर्कता अधिष्ठान की ट्रैप टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अधिकारी को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता के भाई ने कृषि यंत्र खरीदने के लिए सब्सिडी प्राप्त करने के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि इस फाइल को आगे बढ़ाने के एवज में विकासखंड खानपुर में तैनात सहायक कृषि अधिकारी हरिओम यादव ने शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये उत्कोच की मांग की। रिश्वत की मांग से परेशान शिकायतकर्ता ने इसकी शिकायत सतर्कता अधिष्ठान से की।
शिकायत का सत्यापन कराने के बाद सतर्कता टीम ने आरोपी अधिकारी को रंगे हाथ पकड़ने के लिए ट्रैप की योजना बनाई। योजना के तहत मंगलवार 18 अगस्त को टीम ने कार्रवाई की। जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी सहायक कृषि अधिकारी हरिओम यादव को 10 हजार रुपये की रिश्वत दी, सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने उसे मौके पर पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरिओम यादव निवासी प्रतापनगर, नजीबाबाद रोड, कोटद्वार, पौड़ी गढ़वाल, हाल सहायक कृषि अधिकारी, विकासखंड खानपुर, जिला हरिद्वार के रूप में हुई है।
सतर्कता अधिष्ठान की कार्रवाई के बाद आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सरकारी काम के एवज में रिश्वत मांगने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। मामले में ट्रैप टीम द्वारा साक्ष्यों और अन्य संबंधित तथ्यों की भी जांच की जा रही है।

More Stories
सामान डिलीवरी की आड़ में स्मैक की सप्लाई, सेलाकुई पुलिस ने डिलीवरी बॉय दबोचा
हल्की टक्कर के बाद सड़क पर लिटाकर स्कूटी सवार को पीटा, तमाशबीन बनी पुलिस व लोग
पार्षद अमिता सिंह के घर से नौकर ने उड़ाए गहने व नकदी, लाइसेंसी पिस्टल भी चोरी