अपराध

लेखाकार 15 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, विजिलेंस ने की बड़ी कार्रवाई

अल्मोडा: अल्मोड़ा जनपद के विकासखंड लमगड़ा स्थित ब्लॉक कार्यालय में तैनात लेखाकार हर सिंह बिष्ट उर्फ हरीश सिंह बिष्ट को सतर्कता अधिष्ठान हल्द्वानी की टीम ने रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।आरोपी पर शिकायतकर्ता से स्वीकृत शौचालय निर्माण कार्य के 3 लाख रुपये के टेंडर की एफडीआर रिलीज कराने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान हल्द्वानी में शिकायत दर्ज कराई थी कि लेखाकार हर सिंह बिष्ट एफडीआर रिलीज करने के एवज में 15,000 रुपये की मांग कर रहा है। शिकायत का सत्यापन करने के बाद सतर्कता टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप की कार्रवाई की। बुधवार को सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने ब्लॉक कार्यालय लमगड़ा में जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी लेखाकार ने शिकायतकर्ता से 15,000 रुपये रिश्वत के रूप में लिए, टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। गिरफ्तारी के दौरान आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए गए।

गिरफ्तार आरोपी हर सिंह बिष्ट वर्तमान में लेखाकार के पद पर विकासखंड लमगड़ा में तैनात है और मूल रूप से बांसमीड़ा, चीनाखान अल्मोड़ा का निवासी है। सतर्कता टीम द्वारा आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद स्थानीय प्रशासनिक तंत्र में हड़कंप मच गया है। वहीं, सतर्कता विभाग ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई भी सरकारी अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है, तो उसकी शिकायत तत्काल करें, ताकि ऐसे भ्रष्टाचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button