देश विदेश

सिल्क्यारा टनल में हादसा: शॉटक्रीट लाइनिंग का हिस्सा गिरने से श्रमिक की मौत, प्रशासन अलर्ट

उत्तरकाशी। सिल्क्यारा टनल निर्माण कार्य के दौरान सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। बड़कोट साइड से लगभग 900 मीटर अंदर टनल की कंक्रीट (शॉटक्रीट) लाइनिंग का एक ब्लॉक अचानक टूटकर गिर गया। हादसे की चपेट में आने से एक कार्मिक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कार्य में लगे अन्य श्रमिकों में दहशत फैल गई।

हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए उपजिलाधिकारी बड़कोट को बिना देर किए घटनास्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को मौके का विस्तृत निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जांच करने और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा है।

जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था द्वारा अपनाए जा रहे सुरक्षा मानकों की गहन जांच के भी निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह सुनिश्चित किया जाए कि टनल निर्माण कार्य में सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया जा रहा था या नहीं। यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने मृतक कार्मिक के परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए हैं। साथ ही मुआवजा, पंचनामा और अन्य सभी वैधानिक प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी करने के लिए संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिलाधिकारी ने कहा कि पीड़ित परिवार को किसी प्रकार की असुविधा न हो और प्रशासन हर स्तर पर उनके साथ खड़ा रहेगा।

इसके अलावा टनल के भीतर कार्यरत अन्य श्रमिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों से कहा गया है कि निर्माण स्थल की सुरक्षा व्यवस्था का पुनः निरीक्षण किया जाए तथा संभावित जोखिम वाले क्षेत्रों का तकनीकी परीक्षण कर आवश्यक सुधार सुनिश्चित किए जाएं।

गौरतलब है कि सिल्क्यारा टनल पूर्व में भी एक बड़े हादसे के कारण राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में रही थी। ऐसे में ताजा दुर्घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button