ऋषिकेश: आगामी कांवड़ मेला-2026 को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को ऋषिकेश में जनपद देहरादून, टिहरी गढ़वाल और पौड़ी गढ़वाल में तैनात पुलिस बल की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई। ब्रीफिंग में डॉ. वी मुरुगेशन अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) उत्तराखंड, राजीव स्वरूप पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र, धीरेंद्र गुंज्याल पुलिस उप महानिरीक्षक (अपराध एवं कानून व्यवस्था), प्रमेन्द्र डोबाल पुलिस अधीक्षक देहरादून, सर्वेश पंवार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी तथा श्वेता चौबे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
30 जुलाई से शुरू होने वाले कांवड़ मेले के मद्देनजर अधिकारियों ने पुलिस कर्मियों को ड्यूटी के दौरान अनुशासन, सतर्कता और श्रद्धालुओं के प्रति संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि प्रत्येक पुलिसकर्मी अपने ड्यूटी प्वाइंट की भौगोलिक स्थिति, जिम्मेदारियों और महत्व की पूरी जानकारी रखे तथा पूर्ण कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन करे।
ब्रीफिंग में विशेष रूप से कहा गया कि ड्यूटी के दौरान सभी पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं के साथ विनम्र और सहयोगात्मक व्यवहार रखें तथा जरूरत पड़ने पर उनका मार्गदर्शन और हरसंभव सहायता करें। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और वाहनों के आगमन को देखते हुए वाहनों को केवल चिन्हित पार्किंग स्थलों में ही खड़ा कराया जाए तथा पार्किंग स्थलों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
वरिष्ठ अधिकारियों ने कांवड़ मार्ग पर लगने वाली अस्थायी दुकानों और बाहरी राज्यों से आने वाले व्यापारियों का अनिवार्य सत्यापन कराने के निर्देश भी दिए। साथ ही पुलिसकर्मियों से कहा गया कि वे शारीरिक और मानसिक रूप से पूरी तरह तैयार रहें तथा मेले के दौरान होने वाली प्रत्येक गतिविधि पर पैनी नजर रखें। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी कहासुनी कई बार बड़े विवाद का रूप ले सकती है, इसलिए किसी भी स्थिति में सतर्कता और संयम बनाए रखना आवश्यक है।
देहरादून, पौड़ी और टिहरी पुलिस के बीच बेहतर समन्वय पर भी विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि नीलकंठ महादेव मंदिर क्षेत्र में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने की स्थिति में पूर्व निर्धारित डायवर्जन प्लान के अनुसार यातायात और भीड़ प्रबंधन किया जाए ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
बरसात के मौसम को देखते हुए सभी पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान छाता या बरसाती साथ रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मानसिक रूप से तैयार रहने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रखने के लिए कहा गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि कोई व्यक्ति सोशल मीडिया के माध्यम से भ्रामक या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली सामग्री प्रसारित करता है तो उसके खिलाफ तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ब्रीफिंग के अंत में सभी सेक्टर अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने अधीनस्थ पुलिसकर्मियों को ड्यूटी प्वाइंट पर जाकर विस्तार से ब्रीफ करें तथा किसी भी विवाद या आकस्मिक घटना की सूचना तुरंत उच्चाधिकारियों को दें, ताकि मौके पर ही उसका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके। वरिष्ठ अधिकारियों ने विश्वास जताया कि तीनों जिलों की पुलिस आपसी समन्वय और बेहतर योजना के साथ कांवड़ मेला-2026 को सकुशल संपन्न कराएगी।

More Stories
उत्तराखंड के तीन पुलिस कप्तानों का राष्ट्रीय स्तर पर डंका, टॉप-100 में बनाई जगह
स्वतंत्रता दिवस पर ‘उत्कृष्ट सेवा व उल्लेखनीय कार्य’ करने वाले 154 पुलिसकर्मी होंगे सम्मानित
चमोली: टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में मलबा एवं पानी भरने से श्रमिक फंसे, रेस्क्यू जारी