उत्तराखंड में भूकंप, झटके महसूस होने पर दहशत में लाेग घरों से बाहर भागे, 4.1 रही तीव्रता, हिमाचल रहा केंद्र

देहरादून: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के यमुनोत्री घाटी और पुरोला क्षेत्र में भूकंप के झटके महसूस किए गए। जिसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.1 रही। भूकंप के झटके महसूस होने पर लोग घरों से बाहर की ओर भागे। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के बडकोट यमुनोत्री घाटी में शनिवार शाम करीब 4.52 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। जिसके बाद लोग दहशत में घरों से बाहर निकले।
हालांकि अभी तक किसी भी तरह से जानमाल के नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है। बडकोट यमुनोत्री घाटी के अलावा पुरोला व मोरी तहसील में भूकंप के झटके महसूस किए गए। इसका केंद्र हिमाचल बताया जा रहा है। भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.1 बताई गई है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ने बताया कि जनपद में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की कोई सूचना नहीं है, लेकिन स्थिति पर पूरी नजर बनाए हुए हैं।




