देहरादून: लंबे अवकाश के चलते देहरादून और आसपास क्षेत्रों में पर्यटकों का हुजूम उमड़ने से यातायात व्यवस्था धड़ाम हो गई। दो दिन में मसूरी, ऋषिकेश समेत देहरादून में एक लाख से अधिक वाहन पहुंचे। रविवार को दून में शहर के मार्गों पर राहत रही, लेकिन बाहरी मार्गों पर वाहन रेंगते रहे। एसएसपी अजय सिंह ने भी बाहरी मार्गों का निरीक्षण किया और ठोस यातायात प्लान बनाने के निर्देश दिए। जिस पर पुलिस ने बाहरी मार्गों पर भारी वाहनों की आवाजाही रोक दी है। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्गों पर कट बंद कर दिए गए हैं।
बीते शनिवार से ही देहरादून और आसपास के क्षेत्र जाम से जूझ रहे हैं। मसूरी व ऋषिकेश क्षेत्र में दो दिन में लगभग एक लाख पर्यटक वाहन आने से यातायात व्यवस्था पटरी से उतर गई। इसका सीधा असर दून पर भी पड़ा। शहर के प्रमुख मार्गों पर भीषण जाम की स्थिति बनी। शहर में धार्मिक जुलूस व शोभायात्रा होने से भी स्थिति बिगड़ी। हालांकि, रविवार को पुलिस ने सबक लेते हुए नया प्लान तैयार किया। भारी वाहनों को शहर में प्रतिबंधित करने के साथ ही राष्ट्रीय राजमार्गों पर कट अस्थाई रूप से बंद कर दिए गए। एसएसपी ने बताया कि विगत दो दिनों में ऋषिकेश क्षेत्र अंतर्गत लगभग 80 हजार पर्यटक वाहनों का आगमन हुआ, जिनमें से लगभग 20000 वाहन वापस गए, वहीं मसूरी में भी दो दिनों के दौरान 15 हजार पर्यटक वाहन आए व आठ हजार वाहन वापस गए। देहरादून में भी स्थानीय व बाहरी वाहनों की आवाजाही लगी रही। अब पुलिस ने भी प्लान तैयार कर लिया है। पुलिस ने नगर क्षेत्र व ऋषिकेश की ओर जाने वाले भारी वाहनों के साथ ही दून के अन्य मार्गों पर भारी वाहनों के प्रवेश को प्रतिबंधित कर दिया है। इसके साथ ही रूट डायवर्जन प्लान तैयार कर इसे दोपहर 12 बजे से रात्रि 10 बजे तक के लिए लागू किया जा रहा है। यातायात का दबाव बढ़ने पर समय अवधि को बढ़ाया भी जा सकता है।
यह रहेगा प्लान
– रायपुर क्षेत्र से ऋषिकेश की ओर जाने वाले भारी वाहनों को मालदेवता चेक पोस्ट व राजीव गांधी क्रिकेट स्टेडियम के पास बने ग्राउंड में रोका जाएगा। थानो से ऋषिकेश की तरफ जाने वाले भारी वाहनों को रानीपोखरी में रोका जाएगा।
– आशारोड़ी व शिमला बाईपास से शहर की ओर आने वाले भारी वाहनों को ट्रांसपोर्ट नगर व नया गांव में रोका जाएगा।
– डोईवाला से शहर की ओर आने वाले बाहरी वाहनों को लालतप्पड़, भानियावाला सर्विस लेन, हर्रावाला/कुआंवाला में रोका जाएगा।
– सहसपुर की ओर से आने वाले भारी वाहनों को धर्मावाला/सभावाला पर रोका जाएगा।

More Stories
‘चार साल बेमिसाल’ पर परेड ग्राउंड में भव्य कार्यक्रम, शहर का यातायात रहेगा डाइवर्ट
एलपीजी गैस की कालाबाजारी करने वाले सीधे जाएंगे जेल, समस्या पर यहां करें संपर्क
DM का जनहित में बड़ा फैसला, यातायात का दम घोट रहे संडे बाजार को पटका शहर से बाहर