April 16, 2026

GarhNews

Leading News Portal of Garhwal Uttarakhand

विजिलेंस ने रिश्वतखोर कानूनगो को 40 हजार रुपये रिश्वत लेते किया गिरफ्तार

देहरादून: प्रतिबंधित भूमि पर दो मंजिला भवन निर्माण की अनुमति देने के एवज में रिश्वत लेने वाले कानूनगो को विजिलेंस की टीम ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। एक व्यक्ति ने विजिलेंस के टोल फ्री नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज कराई कि उनका वर्तमान में प्रतिबंधित भूमि पर दो मंजिला भवन निर्माण की अनुमति दिए जाने के एवज में व तोक छनपट्टा में बनने वाले मकान के निर्माण करने पर डीडीहाट तहसील के कानूनगो की ओर से भू-ग्राही अधिनियम की धारा-3/4 के तहत चालान काटने की धमकी देते हुए रिश्वत की मांग की जा रही है।
शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था, लेकिन आरोपी के विरुद्ध कानूनी कार्यवाही चाहता था।

शिकायत पर विजिलेंस सेक्टर हल्द्वानी की ट्रैप टीम ने कार्यवाही करते हुए शुक्रवार को तहसील डीडीहाट, पिथौरागढ़ में नियुक्त कानूनगो नारायण सिंह करायत को तहसील डीडीहाट के आवासीय परिसर, पिथौरागढ से 40 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस हल्द्वानी की टीम ने आरोपी के आवास की तलाशी व अन्य स्थानों पर चल- अचल संपत्ति के संबंध में पूछताछ जारी है।

निदेशक सतर्कता डा. वी. मुरूगेशन ने ट्रैप टीम को नकद पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की गयी। कहा कि यदि राज्य के सरकारी विभागों में नियुक्त कोई अधिकारी या कर्मचारी, अपने पदीय कार्य के संपादन में किसी प्रकार का दबाव बनाकर रिश्वत की मांग करता है तथा उसके द्वारा आय से अधिक अवैध संपत्ति अर्जित की गयी हो, तो इस संबंध में सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री हेल्पलाइन नम्बर-1064 एवं Whatsapp हेल्पलाइन नंबर 9456592300 पर संपर्क कर भ्रष्टाचार के विरूद्ध अभियान में निर्भीक होकर सूचना दें।

About Author