देहरादून। राजपुर थाना पुलिस ने एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत एक वर्ष पुरानी करीब 10 लाख रुपये के हीरे और सोने के आभूषणों की चोरी का खुलासा करते हुए घरेलू सहायिका को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महिला की इंस्टाग्राम पर हीरे का हार पहनकर डाली गई रील ही उसकी गिरफ्तारी का सबसे बड़ा कारण बनी।
राजपुर थाना क्षेत्र निवासी नितिशा वत्स ने राजपुर थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि करीब एक वर्ष पहले उनके घर से हीरे और सोने के कीमती आभूषण गायब हो गए थे। शुरुआत में उन्हें लगा कि शायद उन्होंने गहने कहीं रख दिए हैं या किसी रिश्तेदार को दिए होंगे। उनकी घरेलू सहायिका विमला ने भी उन्हें यही विश्वास दिलाया था कि गहने कहीं और रखे होंगे, इसलिए उस पर किसी को शक नहीं हुआ।
कुछ दिन पहले वादिनी के एक परिचित ने इंस्टाग्राम पर एक महिला की रील दिखाई, जिसमें वह हीरे का हार पहने हुए थी। तस्वीर देखने पर पता चला कि वह उनकी पूर्व घरेलू सहायिका विमला थी और उसके गले में दिख रहा हार उनके गायब हुए हार से हूबहू मिलता था। इसके बाद उन्होंने तुरंत राजपुर थाने में तहरीर दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर राजपुर थानाध्यक्ष पीडी भट्ट ने पुलिस टीम गठित की। जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार को जोहड़ी रोड से आरोपी विमला को गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किया गया एक हीरे का हार, सोने का लॉकेट, दो सोने की अंगूठियां, एक सोने का पेंडल तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया। बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है।
पूछताछ में विमला ने स्वीकार किया कि वह नितिशा वत्स के घर घरेलू सहायिका के रूप में काम करती थी। उसने घर के लॉकर में रखे महंगे आभूषण कई बार देखे थे, जिससे उसके मन में चोरी करने का लालच आ गया। मौका मिलते ही उसने लॉकर से गहने चुरा लिए। चोरी के बाद उसने मालकिन को भरोसे में लेकर यह यकीन दिलाया कि गहने शायद कहीं और रख दिए गए होंगे। आरोपी ने बताया कि उसने कई बार चोरी के आभूषण बेचने की कोशिश की, लेकिन महंगे हीरे के आभूषण होने के कारण वह सफल नहीं हो सकी।
पुलिस ने आरोपी विमला, निवासी लखीमपुर खीरी (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी बापू नगर, जाखन, को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। घटना का सफल अनावरण करने वाली पुलिस टीम को एसएसपी देहरादून ने 2,500 रुपये के नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

More Stories
500-500 नोट, सोना-चांदी, शालिग्राम शिला व केसर पैकेट घर ले गया प्रमोद नौटियाल
ऋषिकेश के खारास्रोत में दिल्ली के युवकों का तांडव, दो स्थानीय युवकों को पीटा
Big Breaking:एलयूसीसी घोटाले में CBI ने 18 आरोपियों के खिलाफ दाखिल की चार्जशीट