प्रेमी को पाने को पत्नी ने दिया खौफनाक घटना को अंजाम, हत्या से पहले पूरे मोहल्ले की लाइट की गुल

देहरादून: प्रेमी को पाने के लिए पत्नी ने खौफनाक घटना को अंजाम दिया। पति की हत्या से पहले पूरे मोहल्ले की लाइट बंद करवा दी। इसके बाद प्रेमी के साथ मिलकर पति की चुन्नी से गला घोंटकर हत्या कर दी। एसएसपी अजय सिंह ने जांच में पाया कि घटना की रात केवल एक ही मोहल्ले में लाइट गुल थी तो उनका माथा ठनका। वारदात को अंजाम देने वाली आरोपी पत्नी व उसके प्रेमी को 12 घन्टे के अंदर ही गिरफ्तार कर लिया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून अजय सिंह ने बताया कि सोमवार सुबह श्री महंत इंदिरेश अस्पताल से सूचना मिली कि परविंदर निवासी कमालपुर थाना फतेहपुर सहारनपुर वर्तमान निवासी पित्थुवाला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई है। तत्काल पटेलनगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक कमल कुमार लुंठी को टीम सहित अस्पताल भेजा। शव के पंचायत नामा की कार्यवाही के दौरान मृतक के गले में निशान व कानों से खून निकल रहा था, ऐसे में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतक के भाई सुमित की तहरीर पर पटेलनगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने मृतक ने परिजनों व आसपास के लोगों से पूछताछ की तो पता चला कि परमिंदर की पत्नी सरिता व परमिंदर के चचेरे भाई अनुज कुमार के बीच प्रेम प्रसंग थे। पुलिस ने सरिता व अनुज कुमार को शक आधार पर हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की तो दोनों ने कबूल किया कि रविवार रात को उन्होंने चुन्नी से गला दबाकर परमिंदर की हत्या कर दी। आरोपियों के निशानदेही पर पुलिस ने मृतक के घर से घटना में इस्तेमाल की गई चुन्नी बरामद कर ली है।

जिस भाई ने पढ़ाया लिखाया उसी का कत्ल कर दिया

एसएससपी के अनुसार पूछताछ में आरोपित अनुज ने बताया कि वह यूपीसीएल में संविदा पर लाइनमैन है और वर्तमान में आइएसबीटी क्षेत्र में ट्रांसपोर्ट नगर बिजली घर में नियुक्त है। वह वर्ष 2017 में गांव से अपने चचेरे भाई परविंदर के पास देहरादून आया था तथा वर्ष 2020-2021 में निरंजरनपुर से आइआइटी की थी। इस दौरान उसका व परविंदर की पत्नी सरिता का आपस में प्रेम प्रसंग शुरु हो गया। दोनों के बीच प्रेम प्रसंग की भनक जब परविंदर को लगी तो उसने सरिता व अनुज को डांटा। इसके बाद उनका आपस में विवाद हो गया। परविंदर ने अनुज को घर से निकाल दिया। छोड़कर जाने के बाद भी अनुज व सरिता आपस में मिलते जुलते रहते थे व फोन पर लगातार एक दूसरे के संपर्क में थे। अनुज ने परविंदर के घर के निकट ही अलग कमरा लिया हुआ था। टोकने के बावजूद सरिता अनुज से मिलने जाया करती थी। दोनों के बीच प्रेम इतना बढ़ा कि दोनों ने शादी करने की योजना बनाई और दोनो ने परविंदर को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
घटना से पहले काट दी पूरे मोहल्ले की लाइट

रविवार देर रात्रि आरोपी अनुज ट्रांसपोर्ट नगर स्थित बिजली घर पर था। इस दौरान सरिता ने उसे वाट्सएप काल कर परमिंदर के काफी नशे में होने व उसे रास्ते से हटाने की बात कहकर घर बुलाया। अनुज अपनी प्रेमिका सरिता के घर पहुंचा तो देखा कि मोहल्ले में काफी रोशनी है। पकड़े जाने के डर से आरोपी ने मोहल्ले के ट्रांसफर के सर्किट को बंद कर दिया। इससे मोहल्ले की लाइट चली गई। उसके बाद आरोपी सीधे परविंदर के घर पहुंचा, जहां परविंदर बच्चों के साथ सो रहा था। इस दौरान आरोपित सरिता बच्चों को उठाकर ऊपर वाले कमरे में ले गई तथा बच्चों को ऊपर वाले कमरे में छोड़कर नीचे आ गई। परविंदर काफी नशेे में था जिसका फायदा उठाकर अनुज ने दरवाजे के पीछे टंगी चुन्नी से उसका गला दबा दिया। परविंदर ने जब बचाव करने का प्रयास किया तो सरिता ने उसका सिर कई बार बैड के सिराहने पर पटका, जिससे वह अचेत हो गया। इसके बाद दोनों आरोपितों ने चुन्नी से परविंदर का गला दबा कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपित अनुज मौके से वापस ट्रांसपोर्ट नगर बिजली घर में आ गया जबकि सरिता बच्चों के साथ सोने के लिए चली गई। पुलिस ने दोनों के मोबाइल भी कब्जे में लिए हैं, जिसमें दोनों के बीच चेट होनी पाई गई है।




