अपराध

ब्लाइंड मर्डर का 36 घंटे के अंदर पर्दाफाश, मामूली विवाद में आश्रय देने वाले ने किया विश्वासघात!!

देहरादून: प्रेमनगर स्थित परवल रोड पर व्यक्ति की ईंट से कुचलकर हत्या के मामले का पुलिस ने 36 घंटे के अंदर ही पर्दाफाश कर दिया है। मामूली से विवाद के चलते आश्रय देने वाले ने उसे मौत के घाट उतारा था। पुलिस ने आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने स्वीकार किया है कि मृतक शंकर लंबे समय से उसके घर पर रह रहा था और उसके साथ ही काम करता था, लेकिन अब तक किसी अन्य के साथ काम पर जाने लगा, जो उसे ठीक नहीं लगा।

प्रेमनगर थाना पुलिस की ओर से गिरफ्तार आरोपी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि रविवार को झाझरा स्थित परवल रोड पर एक अधेड़ के शव होने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे और काफी मात्रा में खून पड़ा था। मामला हत्या प्रतीत हो रहा था, इस पर फारेंसिक टीम व डाग स्क्वायड को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। मृतक की पहचान शंकर शर्मा उम्र 45 वर्ष निवासी सेक्टर 12 आवास विकास राजाजीपुरम थाना तालकटोरा लखनऊ, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई। प्राथमिक जांच में पता चला कि शंकर शर्मा शराब पीने का आदी था व काफी समय से देहरादून में तेलपुर में रहकर मजदूरी का काम कर रहा था। मृतक के मौसेरे भाई अमित क्षेत्री निवासी चक्की टोला निरंजनपुर मंडी की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या मुकदमा दर्ज किया गया व विवेचना प्रेमनगर थानाध्यक्ष गिरीश नेगी के सुपुर्द की गई।

घटना की जानकारी देते एसएसपी अजय सिंह।

पुलिस ने घटनास्थल के आसपास रह रहे लोगों से पूछताछ व घटनास्थल से निकलने वाले मार्गों पर स्थित सीसीटीवी कैमरे की छानबीन की। झाझरा चौकी प्रभारी विवेक राठी के नेतृत्व में बनी एक टीम ने मृतक के देहरादून में रह रहे रिश्तेदारों से पूछताछ की। इस दौरान पता चला कि शंकर शर्मा वर्ष 2016 से देहरादून में खुशीराम निवासी ग्राम मेहूंवाला माफी निकट ओवर हेड टैंक तेलपुर चौक के घर पर ही रहता था। वह काम पर अकसर खुशीराम के साथ ही जाता था। घटना की रात नौ बजे तक शंकर को खुशीराम के साथ ही उसके घर के आसपास ही देखा गया। संदेह के आधार पर रविवार रात को पुलिस खुशीराम को थाना प्रेमनगर लाया गया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने माना कि उसी ने ही शंकर की हत्या की है। आरोपित की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल एक्टिवा, हत्या में इस्तेमाल खून से सनी ईंट व अन्य सामान बरामद किया गया।

दोनों के बीच दो-तीन बार पूर्व में भी हो चुका है विवाद
पूछताछ में आरोपित खुशीराम ने बताया कि शंकर वर्ष 2016 से उसके पास ही रहकर मजदूरी का काम कर रहा था। शराब पीकर पहले भी दोनों के बीच हाथापाई हुई थी। आरोपित ने बताया कि शंकर उसके घर पर रहकर अब किसी अन्य के साथ काम पर जाने लगा जिससे वह नाराज था। घटना की रात उसने आइएसबीटी शराब की दुकान से शराब के तीन पव्वे खरीदे और शंकर को अपने ससुराल गागलहेड़ी सहारनपुर ले जाने के बहाने अपने चाचा के लड़के की एक्टिवा से आशारोड़ी तक ले गया। पुलिस चेकिंग देखकर वह वापस मुड़कर श्यामपुर टी स्टेट से परवल रोड पर ले गया। यहां दोनों ने शराब पी। इसी दौरान दोनों के बीच बहस हो गई। आरोपित ने शंकर के सिर में ईंट से वार कर दिया, उसकी मृत्यु हो गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button