देहरादून: सहारनपुर के एक शातिर ने फर्जी लेटरपेड से वन विकास निगम के खाते से 14 लाख रुपये ट्रांसफर करवा दिए। यह वह खाता है जहां से कर्मचारियों के फंड की धनराशि निगम के लेटर से ट्रांसफर होती है और किसी के निजी खाते में रकम नहीं डाली जाती है। इससे बैंक अधिकारियों की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं। बहरहाल पुलिस ने मंयक भारद्वाज निवासी मधुरदास शिव मन्दिर बेहट रोड जिला सहारनपुर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने हरिद्वार में खोले फर्जी गुड्डू नाम के खाते में रकम ट्रांसफर की थी, लेकिन उसमें मोबाइल नंबर बदल नहीं पाया और पकड़ा गया।
20 फरवरी को वरिष्ठ शाखा प्रबंधक पीएनबी बैंक शिमला बाइपास अनिल नेगी ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ पटेलनगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। शाखा प्रबंधक का कहना था कि अज्ञात व्यक्ति ने कूटरचित दस्तावेज तैयार कर पीएनबी शाखा शिमला बाईपास रोड पटेलनगर देहरादून में वन विकास निगम देहरादून के खाते से गुड्डु कुमार नाम के व्यक्ति के अन्य खाते में धोखाधडी कर 14.03 लाख रुपये स्थानातरित करा लिए। इस मामले में कोतावली पटेलनगर में मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना पटेलनगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक व एसआईएस शाखा के एसआई नवीन जुराल को सौंपी गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून अजय सिंह ने घटना के अनावरण तथा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए निर्देशित किया। विवेचना के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर घटना के मास्टरमाइंड आरोपी मंयक भारद्वाज निवासी मधुरदास शिव मन्दिर बेहट रोड जिला सहारनपुर उम्र 27 वर्ष का नाम प्रकाश में आया, जोकि घटना के बाद से लगातार अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहा था। पुलिस टीम ने उसे सहारनपुर से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी लोन एजेंट का कार्य करता है, जोकि लोगो को अलग-अलग बैंकों से लोन दिलाता था। आरोपी ने वन विकास निगम का कूटरचित लेटर तैयार कर उसके आधार पर उनके खाते से उक्त धनराशि को एक अन्य खाते में स्थानांतरित कराया गया था।

More Stories
106 दारोगाओं के ट्रांसफर, कुछ मैदान कुछ चढ़ेंगे पहाड़
पीएम दौरे से पहले दून से पकड़ा गया पाक एजेंट, आतंकियों को भेज रहा था लोकेशन व फ़ोटो
रिश्वतखोरी पर वार: विजिलेंस ट्रैप में फंसा उद्यान निरीक्षक