
देहरादून: दून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कार शोरुम को निशाना बनाने वाले मध्य प्रदेश के मोहिते गैंग के चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। बदमाश अब तक देहरादून में चार और हरिद्वार में शोरुम के ताले तोड़कर लाखों का सामान चोरी कर चुके हैं। वह देहरादून व रुड़की में तीन शौरूम को निशाना बनाने की फिराक में थे, इससे पहले नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने उन्हें दबोच लिया पूछताछ में कुछ अन्य शोरूम में चोरी की घटना सामने आने की संभावना है।

देहरादून के एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि लंबे समय से उत्तराखंड के कार शोरुम को निशाना बनाने वाला एक गिरोह सक्रिय हो रखा था। सात अगस्त की रात को चोरों ने डीपीएम हुंडई शोरूम, हरिद्वार बाइपास रोड व मारुती नेक्सा शोरूम हरिद्वार बाइपास रोड के एक ही रात में ताले तोड़कर कीमती सामान व नकदी चोरी कर ली थी। इस मामले में थानाध्यक्ष नेहरू कॉलोनी मोहन सिंह घटना का तत्काल पर्दाफाश करने के निर्देश दिए। थानाध्यक्ष ने अलग-अलग टीमों का गहन कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए साथ ही मैन्युअल पुलिसिंग करते हुए शोरुम में चोरी करने वाले गिरोह की पहचान करनी शुरू कर दी।

गुरुवार को पुलिस को सूचना मिली कि हरिद्वार बाइपास रोड पर स्थित कार शोरूमों में चोरी करने वाला गिरोह दोबारा किसी शौरूम को निशाना बना सकता है। पुलिस टीम ने जोगीवाला क्षेत्र से घटना में चेकिंग के दौरान गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपितों की पहचान मेवालाल मोहिते निवासी ग्राम दुगवाड़ा थाना घनगांव जिला खड़वा मध्य प्रदेश, सुनील मोहिते निवासी ग्राम उमर गांव थाना उमर गांव जिला बलसाड़ गुजरात, देव सिंह सोलंकी निवासी गांव बोरगांव दीनदयाल नगर थाना बोरगांव जिला खडवा मध्य प्रदेश व सुरेश उर्फ सूरज मोहिते निवासी ग्राम चम्पानगर दुगवाड़ा थाना घंनगांव जिला खड़वा मध्य प्रदेश के रूप में हुई है। उनसे चोरी का सामान बरामद किया है।

पूछताछ में गिरोह के सरगना मेवालाल ने बताया कि उसने साथियों के साथ मिलकर मार्च 2024 में पटेलनगर क्षेत्र स्थित ओबराय मोटर्स तथा तान्या आटोमोबाइल प्रालि में चोरी की घटनाओं को अजांम दिया था। इसमें पूर्व उसे चोरी के एक मामले में पटेलनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था। 25 जुलाई को व देहरादून कोर्ट में पेशी पर आया था। पेशी के पश्चात वह दिनांक 26 जुलाई को शिमला घूमने के लिए चला गया। शिमला में रहने के दौरान उसने गूगल के माध्यम से देहरादून के विभिन्न कार शोरूम की जानकारी जुटाई और दो अगस्त को वापस देहरादून आकर शोरूमों की रैकी की।
रैकी करने के बाद उसने नेक्सा मारुति शोरूम हरिद्वार बायपास रोड, डीपीएम हुंडई शोरूम हरिद्वार बायपास, रोहन मोटर्स, जीएमएस रोड तथा यामाहा शोरूम जोगीवाला को चोरी की घटना के लिए चिन्हित किया। घटना को अजांम देने के लिए मध्य प्रदेश तथा गुजरात से अपने तीन अन्य साथियों को देहरादून बुलाया। चार अगस्त की रात को पहले उसने डीपीएम हुंडई शोरूम तथा उसके बाद मारुति नेक्सा शोरूम में चोरी की घटना को अंजाम दिया। पुलिस से बचने के लिए चारों हरिद्वार चले गए, जहां एक-दो दिन रूकने के बाद उसने उसने अन्य कार शोरूम की रैकी की गई तथा कलियर मोड़ रूड़की रोड स्थित महिंद्रा शोरूम को घटना के लिए चिन्हित किया । रुड़की से पहले वह देहरादून के यामाहा शोरूम तथा रोहन मोटर्स तथा उसके बाद हरिद्वार में चिन्हित महिंद्रा शोरूम में घटना कर वापस मध्य प्रदेश जाने की योजना बनाई और योजना के मुताबिक आठ अगस्त को दोबारा घटना करने के लिए देहरादून वापस आए। इससे पूर्व पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।




