अपराध

बिल्डर बाबा साहनी आत्महत्या प्रकरण में बड़ा अपडेट, इस अधिकारी को सौंपी विवेचना

देहरादून: शहर के नामी बिल्डर सतेंद्र सिंह साहनी उर्फ बाबा साहनी की आत्महत्या के मामले की जांच अब निरीक्षक संजय चौहान को सौंप दी गई है। मामला हाई प्रोफाइल होने के चलते एसएसपी अजय सिंह ने जांच ट्रांसफर की है। इससे पूर्व प्रकरण की जांच राजपुर थाने के एसएसआइ सुमेर सिंह कर रहे थे। प्रकरण में इलेक्ट्रानिक दस्तावेज सहित तमाम साक्ष्य जुटाए जाने हैं, ऐसे में जांच निरीक्षक स्तर के अधिकारी को सौंपी गई है। मंगलवार को गिरफ्तार आरोपित अजय गुप्ता व अनिल गुप्ता की जमानत पर सुनवाई होनी थी, लेकिन निरीक्षक ने दो दिन का समय मांगा। ऐसे में अब जमानत पर सुनवाई छह जून को सेशन कोर्ट में होगी।

24 मई को बिल्डर सतेंद्र साहनी ने अपनी बेटी के पैसेफिक गोल्फ अपार्टमेंट में आठवीं मंजिल पर स्थित फ्लैट से कूदकर आत्महत्या कर ली थी। इस मामले में कुछ ही घंटों बाद पुलिस ने आरोपी अजय गुप्ता व अनिल गुप्ता के विरुद्ध आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। बिल्डर सतेंद्र साहनी ने आत्महत्या से पूर्व एसएसपी को एक शिकायतपत्र दिया था, जिस पर एसपी सिटी प्रमोद कुमार की ओर से जांच की गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। जांच के बाद प्रकरण में जबरन वसूली व धोखाधड़ी की दो धाराएं बढ़ाई गई। इन धाराओं में भी निचली कोर्ट ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा।

बचाव पक्ष की ओर से आरोपियों की जमानत को लेकर सेशन कोर्ट में याचिका दाखिल की गई है। इसके साथ ही आरोपित अजय गुप्ता का स्वास्थ्य सही नहीं होने का हवाला देकर जमानत अर्जी दाखिल की गई है। जमानत अर्जी पर मंगलवार को सुनवाई होनी थी, लेकिन इसी बीच विवेचना निरीक्षक को सौंप दी गई और निरीक्षक ने कोर्ट में प्रार्थनापत्र दिया कि उन्हें केस को समझने के लिए कुछ समय चाहिए, इसलिए जमानत पर सुनवाई के लिए थोड़ा समय दिया जाए। ऐसे में कोर्ट की ओर से छह जून को सभी धाराओं में जमानत पर सुनवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button