अपराध

Breaking : दरोगा कर रहा था ‘मंथली’ फिक्स, सीबीआई ने दबोच लिया

देहरादून: टैक्सी चालक से ‘मंथली’ की डिमांड करने वाले रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के दरोगा को सीबीआई ने गिरफ्तार किया है। आरोपी टैक्सी चालक से पार्किंग में सवारी भरने के एवज में चार हजार रुपये प्रतिमाह की रिश्वत की मांग कर रहा था। बुधवार को सीबीआई की टीम ने ट्रैप लगाकर उसे को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

मो. इरशाद निवासी आजादनगर बनभूलपुरा हल्द्वानी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह टैक्सी चलाने का काम करता है। उसकी खुद की टैक्सी है और हल्द्वानी रेलवे स्टेशन में सवारियां भरता है। बताया कि हल्द्वानी रेलवे स्टेशन में तैनात आरपीएफ का दरोगा दिनेश मीणा उससे पार्किंग में सवारी भरने के एवज में 04 हजार रुपये की मासिक रिश्वत की मांग कर रहा है। 15 जनवरी को दरोगा दिनेश मीणा ने अपने मोबाइल से फोन किया व रिश्वत देने के लिए अपने कार्यालय में बुलाया।

पीड़ित ने बताया कि वह इतनी रिश्वत देने में असमर्थ था, इसलिए दारोगा से राशि कम करने को कहा। 15 जनवरी को वह दरोगा के कार्यालय पहुंचा जहां दरोगा ने तीन हजार रुपये की रिश्वत की मांग की और मजबूरी बताने पर 02 हजार रुपये में सौदा तय हो गया। शिकायत के आधार पर एसपी सीबीआइ एसके राठी के निर्देश पर सीबीआई की टीम बुधवार को हल्द्वानी पहुंची और आरोपी दरोगा को 02 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

सीबीआई ने संपत्ति की जांच की शुरू
रिश्वत लेने वाले दरोगा के खिलाफ सीबीआई ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी की संपत्ति की जांच शुरू कर दी गई है। उसके बैंक खाते खंगाले जा रहे हैं। इसके साथ ही शिकायतकर्ता की ओर से उपलब्ध कराई गई रिश्वत मांगने की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी कब्जे में ली गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button