एक किलो से अधिक गांजा, चार लाख की स्मैक और 54 टेट्रा पैक देसी शराब बरामद
देहरादून। मुख्यमंत्री के नशामुक्त उत्तराखंड अभियान के तहत देहरादून पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र में पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए गांजा, स्मैक और अवैध शराब के साथ तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक किलो 20 ग्राम गांजा, 10.19 ग्राम स्मैक और 54 टेट्रा पैक देसी शराब बरामद की है। स्मैक की अनुमानित कीमत करीब चार लाख रुपये बताई गई है।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पटेलनगर पुलिस की ओर से क्षेत्र में लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पांच अक्टूबर को पुलिस टीम ने ब्रह्मपुरी निवासी फूलवती (38) को एक किलो 20 ग्राम अवैध गांजे के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में सामने आया कि आरोपित महिला जल्दी पैसा कमाने के लालच में मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल हुई थी। वह गांजे को छोटी-छोटी मात्रा में स्थानीय नशेड़ियों को ऊंचे दाम पर बेचकर मुनाफा कमाने की फिराक में थी।
खास बात यह है कि फूलवती के खिलाफ पहले से ही एनडीपीएस एक्ट के कई मुकदमे दर्ज हैं और वह पूर्व में भी मादक पदार्थों की तस्करी के मामले में जेल जा चुकी है। उसके खिलाफ वर्ष 2022, 2025 और 2026 में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं।
वहीं, चार अक्टूबर को आईएसबीटी चौकी पुलिस ने आजाद कॉलोनी निवासी राशिद (25) को 10.19 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत चार लाख रुपये है। पूछताछ में राशिद ने भी जल्दी पैसा कमाने के लालच में नशे के कारोबार में शामिल होने की बात बताई। वह स्मैक को छोटी-छोटी मात्रा में स्थानीय नशे के आदी लोगों को बेचने की तैयारी में था।
इसके अलावा पटेलनगर पुलिस ने पांच अक्टूबर की शाम रूटीन चेकिंग के दौरान बाजार क्षेत्र से भूड़पुर नयागांव निवासी सुरेंद्र (44) को अवैध देसी शराब के साथ गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 54 टेट्रा पैक देसी शराब बरामद हुई। पुलिस ने उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
एक ही क्षेत्र में लगातार हुई इन तीन कार्रवाइयों को पुलिस की नशे के खिलाफ चल रही मुहिम से जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि नशे की तस्करी और अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
एक्शन में तीन टीमें
गांजा तस्करी की कार्रवाई में उपनिरीक्षक आशीष कुमार के नेतृत्व में कांस्टेबल चमन, हर्मेंद्र, नितिन सैनी और महिला कांस्टेबल संजू शामिल रहे। स्मैक बरामदगी में उपनिरीक्षक जयवीर सिंह, उपनिरीक्षक बलबीर सिंह, हेड कांस्टेबल हरेंद्र और कांस्टेबल आजाद शामिल रहे। शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई हेड कांस्टेबल अरुण और कांस्टेबल आबिद की टीम ने की।

More Stories
कुमाऊं दौरे पर UPCL के MD पीसी ध्यानी, उपभोक्ता सेवाओं में सुधार के निर्देश दिए
दो बच्चों की मां की 07 साल छोटे प्रेमी से हुई आंखे चार, करवा दी पति की हत्या
सामान डिलीवरी की आड़ में स्मैक की सप्लाई, सेलाकुई पुलिस ने डिलीवरी बॉय दबोचा