देहरादून: उत्तराखंड सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ऊधमसिंहनगर जिले की सितारगंज तहसील में तैनात संग्रह अमीन और वरिष्ठ सहायक को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। दोनों अधिकारियों पर शिकायतकर्ता से राजस्व संबंधी कार्रवाई समाप्त करने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप था।
सतर्कता अधिष्ठान को शिकायत मिली थी कि तहसील सितारगंज में नियुक्त संग्रह अमीन मदन लाल शर्मा शिकायतकर्ता से उसकी भूमि पर कुर्की के आदेश समाप्त कर जमीन को बंधनमुक्त करने के बदले ₹10,000 की रिश्वत मांग रहा था। वहीं, तहसील के वरिष्ठ सहायक भूपेन्द्र सिंह राणा शिकायतकर्ता की पत्नी के केसीसी (किसान क्रेडिट कार्ड) ऋण पर जारी रिकवरी प्रमाणपत्र (आरसी) की कार्रवाई समाप्त कराने के लिए ₹6,000 की मांग कर रहे थे।
शिकायत का प्रारंभिक सत्यापन सतर्कता अधिष्ठान द्वारा कराया गया, जिसमें आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद पुलिस अधीक्षक, सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी के निर्देश पर एक विशेष ट्रैप टीम का गठन किया गया। निरीक्षक के नेतृत्व में गठित टीम ने बुधवार, 29 जुलाई 2026 को योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को उनके कार्यालय में रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
विजिलेंस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान संग्रह अमीन मदन लाल शर्मा को शिकायतकर्ता से ₹8,000 तथा वरिष्ठ सहायक भूपेन्द्र सिंह राणा को ₹6,000 रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया। ट्रैप टीम ने दोनों आरोपियों को तहसील सितारगंज स्थित कार्यालय से हिरासत में लिया। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक साक्ष्य संकलित किए गए और मामले में अग्रिम विवेचनात्मक कार्रवाई जारी है।
सतर्कता अधिष्ठान के निदेशक डॉ. वी. मुरूगेशन ने आम नागरिकों से भ्रष्टाचार के खिलाफ आगे आने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि किसी सरकारी विभाग में कोई अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो इसकी सूचना सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री नंबर 1064 या व्हाट्सएप हेल्पलाइन 9456592300 पर दी जा सकती है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शिकायतों पर गोपनीयता के साथ त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

More Stories
केतन हत्याकांड: नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में आरोपी दिवाकर डिमरी गिरफ्तार
उरेडा के परियोजना अधिकारी को 40 हजार रुपये रिश्वत लेते विजिलेंस ने रंगे हाथ पकड़ा
एक और पेपर लीक: सहायक प्रोफेसर गिरफ्तार, वाट्सएप पर छात्रों को भेजे सवाल