
देहरादून: ऊधमसिंहनगर के बाजपुर स्थित सिविल कोर्ट में तैनात नायब नाजिर को कोर्ट फीस के नाम पर 3,500 रुपये की रिश्वत लेते हुए सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) की टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई गुरुवार को सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी की ट्रैप टीम ने की।
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान हल्द्वानी में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके खिलाफ सिविल कोर्ट बाजपुर में एनआई एक्ट का एक वाद विचाराधीन है। इस मामले में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो चुका था। जब वह राजीनामा दाखिल करने कोर्ट पहुंचा तो वहां तैनात नायब नाजिर ओम चौहान ने कोर्ट फीस के नाम पर 3,500 रुपये रिश्वत की मांग की। शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था और उसने इसकी शिकायत विजिलेंस से कर दी।
शिकायत की प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी के निर्देश पर निरीक्षक के नेतृत्व में ट्रैप टीम गठित की गई। टीम ने ओम चौहान निवासी जसपुर, जनपद ऊधमसिंहनगर को शिकायतकर्ता से 3,500 रुपये रिश्वत लेते हुए सिविल जज (जूनियर डिवीजन) बाजपुर के कार्यालय से रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की विवेचनात्मक कार्रवाई जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस सफल ट्रैप कार्रवाई पर निदेशक सतर्कता डॉ. वी. मुरूगेशन ने पूरी टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है। उन्होंने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी रिश्वत मांगता है या भ्रष्टाचार में लिप्त है तो इसकी सूचना सतर्कता अधिष्ठान की टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 या व्हाट्सएप हेल्पलाइन 9456592300 पर देकर भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।




