July 13, 2026

GarhNews

Leading News Portal of Garhwal Uttarakhand

500-500 नोट, सोना-चांदी, शालिग्राम शिला व केसर पैकेट घर ले गया प्रमोद नौटियाल

बदरीनाथ धाम में चढ़ावे में वित्तीय अनियमितता का मामला, SIT जांच के बाद मंदिर समिति का कर्मचारी देहरादून से गिरफ्तार

देहरादून/चमोली। श्री बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाई गई थाली भेंट की धनराशि और अन्य भेंट सामग्री में कथित वित्तीय अनियमितता के मामले में गठित विशेष जांच दल (SIT) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के कार्मिक प्रमोद नौटियाल को देहरादून स्थित उसके आवास से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पर भेंट सामग्री और नकदी को चोरी-छिपे अपने निजी लाभ के लिए ले जाने के आरोप हैं।

पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह मामला श्रद्धालुओं की आस्था और मंदिर की वित्तीय पारदर्शिता से जुड़ा होने के कारण शासन ने इसे गंभीरता से लिया। इसके बाद निष्पक्ष और गहन जांच के लिए चमोली पुलिस को निर्देश दिए गए।

मामले में 8 जुलाई 2026 को श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के प्रभारी मंदिर अधिकारी युद्धवीर पुष्पवान की लिखित तहरीर पर कोतवाली बदरीनाथ में मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायत में बताया गया कि 02 जुलाई को मंदिर में थाली भेंट की गणना के दौरान वित्तीय अनियमितता की जानकारी मिलने पर मंदिर समिति के अध्यक्ष के निर्देश पर गठित विभागीय जांच समिति ने प्रारंभिक जांच की। जांच में मंदिर समिति के कर्मचारी प्रमोद नौटियाल द्वारा भेंट गणना स्थल से नकदी और अन्य भेंट सामग्री को चोरी-छिपे अपने कब्जे में लेने के तथ्य सामने आए।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी चमोली मदन सिंह बिष्ट के पर्यवेक्षण में एसआईटी का गठन किया गया। जांच टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही वादी और अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए। इसके अलावा 02 जुलाई की थाली भेंट गणना कक्ष की सीसीटीवी फुटेज का विस्तृत विश्लेषण किया गया।

पुलिस के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज में आरोपी प्रमोद नौटियाल कई बार गणना कक्ष से धनराशि और अन्य भेंट सामग्री को अपने मोबाइल फोन के नीचे छिपाकर तथा जेब में रखकर बाहर ले जाता दिखाई दिया। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी ने अलग-अलग समय पर 500 रुपये के नोट, सोना-चांदी के सिक्कों के पैकेट, शालिग्राम शिला और केसर के पैकेट भी अवैध रूप से अपने कब्जे में लिए।

सीसीटीवी फुटेज, गवाहों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पर्याप्त प्रमाण मिलने के बाद एसआईटी ने 12 जुलाई की रात देहरादून स्थित आरोपी के आवास पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

यह मामला बदरीनाथ धाम जैसे देश के प्रमुख धार्मिक स्थल में श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा होने के कारण बेहद संवेदनशील माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की जा रही है और यदि जांच में अन्य किसी व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

About Author