ऋषिकेश। मुनिकीरेती क्षेत्र स्थित खारास्रोत पार्किंग में शनिवार देर रात दिल्ली से आए चार युवकों ने जमकर हंगामा किया। आपस में विवाद कर रहे युवकों को जब स्थानीय लोगों ने समझाने का प्रयास किया तो उन्होंने दो युवकों के साथ मारपीट कर दी। घटना में दोनों घायल हो गए। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर मुनिकीरेती पुलिस ने चारों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पीडब्ल्यूडी कॉलोनी निवासी राज सिंह ने थाना मुनिकीरेती में तहरीर देकर बताया कि उनका छोटा भाई जीतपाल शनिवार रात खारास्रोत पार्किंग से घर लौट रहा था। इस दौरान पार्किंग में चार युवक आपस में लड़ाई-झगड़ा कर रहे थे। जीतपाल ने उन्हें शांत रहने और विवाद न करने की बात कही, जिस पर चारों युवक भड़क गए और उसके साथ मारपीट कर दी। हमले में जीतपाल गंभीर रूप से घायल हो गया।
मारपीट के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे खारास्रोत निवासी मोहित उर्फ रोहित को भी आरोपितों ने पीट दिया, जिससे वह भी घायल हो गया। शिकायत में मारपीट करने वालों की पहचान दिल्ली के संत नगर, बौराड़ी निवासी तुषार मिश्रा, मनीष सिंह, आशीष और विक्की के रूप में की गई है। थाना प्रभारी प्रदीप चौहान ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर चारों नामजद आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

More Stories
Big Breaking:एलयूसीसी घोटाले में CBI ने 18 आरोपियों के खिलाफ दाखिल की चार्जशीट
BKTC में अनुशासनहीनता पर गिरी गाज, व्यक्तिगत सहायक निलंबित, जांच के लिए समिति गठित
बिजनौर में हुआ विवाद दून में चली गोली, रिंग रोड पर हुई फायरिंग का खुलासा, 3 अरेस्ट