May 4, 2026

GarhNews

Leading News Portal of Garhwal Uttarakhand

राहुल गांधी का राजनीतिक सहयोगी बनकर देशभर में ठगी,दून पुलिस ने दबोचा

देहरादून: खुद को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी का राजनीतिक सहयोगी बताकर देश भर में करोड़ो की ठगी की घटनाओं को अंजाम देने वाले महाठग को दून पुलिस ने गिरफ्तार किया है। ठग किसी को प्रदेश अध्यक्ष तो किसी को विधायक का टिकट देने की बात करता था। सबसे बड़ी बात तो यह है कि इस ठग के पास प्रदेश के बड़े कांग्रेस नेताओं की आडियो रिकार्डिंग हैं।

इस शातिर ने उत्तराखंड में समाजसेवी भावना पांडे को कांग्रेस अध्यक्ष बनाने का झांसा देकर 25 लाख रुपये ठग दिए। शातिर ने खुद को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी का राजनीतिक सहयोगी बताया। उसने कांग्रेस के शीर्ष नेताओं की रिकार्डिंग भी सुनाई। झांसे में आकर उन्होंने 25 लाख रुपये नकद दे दिए। जब ठग ने फोन नहीं उठाया तो ठगी का अंदेशा होने पर उन्होंने राजपुर थाने में तहरीर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी गौरव कुमार निवासी नेहरू कालोनी मजीठा रोड अमृतसर थाना सदर पंजाब को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अन्य राज्यों में भी कांग्रेस नेताओं को विधायक का टिकट दिलाने का झांसा देकर करोड़ों की ठगी कर चुका है।

पुलिस को दी शिकायत में भावना पांडे ने बताया कि एक व्यक्ति ने उन्हें फोन कर अपना नाम कनिष्क सिंह बताया। आरोपी ने खुद को राहुल गांधी का राजनीतिक सहयोगी बताते हुए उत्तराखंड में सर्वे व प्रदेश अध्यक्ष बनाने का झांसा दिया। इसके एवज में ठग ने उसने 25 लाख रुपए मांगे। रुपये लेने के लिए 13 अप्रैल को कनिष्क सिंह ने अपने एक साथी को भावना पांडे के आवास जाखन भेजा, जहां पीड़ित ने आरोपी को 25 लाख रुपए नकद दिए।

रकम लेने के बाद आरोपी ने न तो फोन उठाया और ना ही उनकी रकम लौटाई। तहरीर के आधार पर राजपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर थानाध्यक्ष पीडी भट्ट ने पुलिस टीम गठित कर मोबाइल सर्विलांस, सीसीटीवी कैमरे खंगाले। पुलिस जांच में आरोपी की पहचान गौरव कुमार के रूप में हुई। इस घटना के बाद आरोपी कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी को टिकट दिलाने के नाम से 12 लाख रुपए लेने पैसिफिक माल जाखन पहुंचा। जहां पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में गौरव कुमार ने बताया कि वह अमृतसर पंजाब का मूल निवासी है। वर्ष 2003 से 2015 तक कनिष्क सिंह नाम का व्यक्ति राहुल गांधी के निजी सचिव के रूप में कार्यरत थे और वर्तमान में भी वह पार्टी में उनके साथ कार्यरत हैं। इस दौरान गौरव ने कनिष्क सिंह के नाम से ट्रू कालर में एक आईडी बनाई और neta.com साइट पर जाकर पूरे देश के वरिष्ठ नेताओं के बारे में जानकारी जुटाई। वर्ष 2017 में उसने जयपुर राजस्थान में एक नेता को विधायक का टिकट दिलवाने के एवज में 1.90 करोड़ रुपये, वर्ष 2017 में ही राजस्थान में एक नेता को विधायक का टिकट दिलाने के एवज में 12 लाख रुपये, वर्ष 2025 में पटना बिहार में एक अन्य नेता से तीन लाख रुपये, 2021 में लुधियाना व संगरूर जिले पंजाब से अन्य व्यक्तियों से अलग-अलग धनराशि ली। गौरव कुमार के गिरोह में चार अन्य व्यक्ति भी शामिल हैं जिनके नाम छज्जू ,रजत, मदन व मनिंदर सिंह कालू हैं। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश भी कर रही है।

कई नेताओं की वाइस रिकार्डिंग भी ठग के पास
गौरव कुमार एक शातिर अपराधी है, जोकि कांग्रेस के शीर्ष नेताओं से बात करता रहता था। सूत्रों की मानें तो उसके पास कई नेताओं की आडियो काल की रिकार्डिंग भी है, इन्हीं रिकार्डिंग के माध्यम से वह कांग्रेस नेताओं को ठगी का शिकार बनाता था।

About Author