अपराध

लैंड माफिया पर दून पुलिस का प्रहार, NRI की कोठी बेचने वाले गिरोह का सदस्य गिरफ्तार

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के लैंड माफिया के खिलाफ दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश के अनुपालन में दून पुलिस का भूमाफिया पर कड़ा प्रहार जारी है। राजपुर स्थित एनआरआइ की कोठी के फर्जी दस्तावेज तैयार कर बेचने वाले शेरखान गैंग के एक और सदस्य को राजपुर थाना पुलिस ने सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान मोहम्मद अकबर निवासी नूर बस्ती, थाना सिटी कोतवाली, जनपद सहारनपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। इससे पहले 27 दिसंबर को पुलिस गिरोह के चार सदस्यों विकास सुंदरियाल उर्फ सोनू मूंछ निवासी अपर राजीव नगर नेहरू कालोनी, विनोद कुमार उर्फ केडी निवासी ऋषि नगर सहस्त्रधारा रोड रायपुर, मुकेश चौहान निवासी अजबपुर कला दीपनगर नेहरू कालोनी और प्रमोद गिरी निवासी दीप नगर नेहरू कालोनी को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि 21 नवंबर को किशनपुर राजपुर रोड निवासी सुमन देवी ने राजपुर थाने में प्रार्थना पत्र दिया कि उनकी सहेली रितु मेहता विदेश में रहती है। किशनपुर स्थित उनके बंगले व जमीन की देखरेख के लिए उसे जिम्मेदारी दी गई है। शेरखान व उसके कुछ साथी रितु मेहता के बंगले व जमीन के फर्जी दस्तावेज तैयार कर उस पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैँ। इस मामले में राजपुर थाने में आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच थानाध्यक्ष पीडी भट्ट को सौंपी गई। जांच अधिकारी ने रजिस्ट्री कार्यालय देहरादून, राजस्व विभाग व विभिन्न बैंकों से विवेचना से संबंधित दस्तावेज प्राप्त किए। दस्तावेज व साक्ष्यों के आधार पर 27 दिसंबर को चार आरोपितों को गिरफ्तार किया था। विवेचना में आरोपित मोहम्मद अकबर का नाम भी सामने आया था।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि जमीनों पर कब्जा करने के लिए उन्होंने एक गिरोह बना रखा है। गिरोह में 10 से 12 लोग शामिल है और उनका सरगना सहारनपुर निवासी शेरखान है। वह शहर में खाली जमीन व मकान जिस पर कोई नहीं रहता है की रेकी कर उसके संबंध में जानकारी जुटाता है। जमीन व मकान के फर्जी दस्तावेज तैयार वह जमीन व मकान पर कब्जा करते हैं।

एनआरआइ की कोठी उन्होंने सहारनपुर के एक व्यक्ति को 20 करोड़ रुपये में बेच दी थी। गिरोह की ओर से शहर में कई जमीन व मकान में इसी तरीके से कब्जा करना प्रकाश में आया है, जिनकी जांच की जा रही है। आरोपी विकास सुंदरियाल उर्फ सोनू मूंछ व शेरखान के विरुद्ध उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड में कई मुकदमे दर्ज हैं। सभी आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button