अपराध

सेलाकुई में छात्रों की गुटबाजी पर सख्त हुई पुलिस, शिक्षण संस्थानों को दिए कड़े निर्देश

देहरादून: छात्रों के बीच बढ़ती आपराधिक प्रवृत्तियों और गुटबाजी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए दून पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना सेलाकुई पुलिस ने अपने क्षेत्र के शिक्षण संस्थानों पर निगरानी बढ़ा दी है और स्पष्ट कर दिया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले छात्रों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इसी क्रम में थानाध्यक्ष सेलाकुई पीडी भट्ट के नेतृत्व में क्षेत्र में स्थित माया और एकफाई यूनिवर्सिटी में पुलिस द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को अनुशासन का पालन करने और किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने की सख्त हिदायत दी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि कोई छात्र किसी भी तरह के अपराध में लिप्त पाया जाता है, तो उसके खिलाफ तत्काल कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने कॉलेज प्रबंधन की जिम्मेदारी भी तय करते हुए निर्देश दिए हैं कि संस्थानों में होने वाले किसी भी विवाद या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दी जाए। इसके साथ ही सभी कॉलेजों और विश्वविद्यालयों को अपने यहां पढ़ने वाले छात्रों का पूरा डाटा संकलित कर जल्द से जल्द पुलिस को उपलब्ध कराने के आदेश दिए गए हैं, ताकि संभावित गुटबाजी और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।

हॉस्टल संचालकों को भी सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। उन्हें यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि रात 10 बजे के बाद कोई भी छात्र बिना आवश्यक कारण के हॉस्टल या आवासीय परिसर से बाहर न जाए। यदि कोई छात्र देर रात संदिग्ध स्थिति में पाया जाता है, तो न केवल छात्र बल्कि संबंधित हॉस्टल संचालक और कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दून पुलिस का यह अभियान छात्रों में अनुशासन बनाए रखने और शैक्षणिक वातावरण को सुरक्षित रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि शिक्षा के नाम पर किसी भी तरह की अराजकता या कानून व्यवस्था को प्रभावित करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button