अपराध

देहरादून में महिला से गहने व नकदी लूटने वाला गिरफ्तार, कुछ दिन पहले ही जेल से छूटा था आरोपित, दाेबारा जमानत के लिए रुपये नहीं थे तो बनाई लूट की योजना

देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के वसंत विहार में महिला से चाकू के बल पर नकदी व गहने लूटने के आरोपी को वसंत विहार थाना पुलिस ने 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पहले भी चोरी व नशा तस्करी के आरोप में जेल जा चुका है। इन दिनों वह जमानत पर था और आगे की जमानत के लिए उसे रुपयों की सख्त जरूरत थी। इसी कारण उसने लूट की घटना को अंजाम दिया। आरोपी के पास से लूटा गया सामान करीब सात लाख रुपये के गहने और 30 हजार रुपये नकद बरामद किए जा चुके हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून अजय सिंह ने बताया कि सोमवार देर रात अज्ञात व्यक्ति मोहित नगर वसंत विहार निवासी नम्रता बोहरा के घर में घुसा और चाकू के बल पर गहने व नकदी लूट ली। वारदात के बाद वसंत विहार थानाध्यक्ष महादेव उनियाल व चौकी इंचार्ज इंद्रानगर सतेंद्र सिंह ने घटनास्थल के आसपास लगे 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें एक व्यक्ति पैदल-पैदल जाते हुए दिखाई दिया। पूछताछ के बाद पुलिस टीम ने आरोपी अंकित ठाकुर उर्फ गटर निवासी शास्त्री नगर इंद्रानगर वसंत विहार को मंगलवार देर रात काली मंदिर के पास टी स्टेट जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से गहने, नकदी व घटना में इस्तेमाल चाकू बरामद किया गया।

पूछताछ में अंकित ने बताया कि वह गैंगस्टर में जेल गया था, जहां से तीन दिन पहले ही उसे जमानत मिली। उसके चाचा ने उसे घर से बेदखल कर दिया जिसके कारण उसके पास से रहने व खाने-पीने का कोई ठिकाना नहीं था। पूर्व में उसने मोहित नगर व आसपास चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था और क्षेत्र के बारे में उसे पूरी जानकारी थी। आगे जमानत के लिए उसे रुपयों की जरूरत थी इसलिए उसने दोबारा चोरी की योजनाबनाई। उसने चोरी की घटना के लिए मोहित नगर में एक घर को चिह्नित किया और घटना से एक दिन पूर्व घर की रैकी की। तीन अक्टूबर की रात को वह घर में घुस गया और चाकू की नोक पर महिला से गहने व 35 हजार रुपये लूट लिए। इसमें से उसने पांच हजार रुपये खर्च कर दिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button