देहरादून: देहरादून के गुच्चुपानी में पिकनिक मनाने के लिए पहुंचे तीन बच्चों सहित 11 लोग जलस्तर बढ़ने से नदी में फंस गए। कैंट कोतवाली पुलिस, एसडीआरएफ व फायर ब्रिगेड की टीम ने जान जोखिम में डालकर दो घंटे की मशक्कत के बाद सभी को सुरक्षित बाहर निकाल दिया। कैंट कोतवाली के इंस्पेक्टर शंकर सिंह बिष्ट ने बताया कि दोपहर चार बजे कुछ पर्यटकों के गुच्चुपानी में फंसे होने की सूचना मिली थी।
तुरंत एसडीआरएफ और फायर ब्रिगेड को सूचित कर उन्हें साजो सामान के साथ मौके पर बुलाया गया। घटनास्थल पर पहुंचने पर पता चला कि कुछ लोग नदी की दूसरी तरफ गए थे और अचानक ही नदी का जलस्तर बढ़ने से वह वहीं फंस गए। कुछ देर तक बचाव टीम ने नदी के कम होने का इंतजार किया। लंबे समय तक जब जलस्तर कम नहीं हुआ तो पुलिस ने रेस्क्यू शुरू किया। रस्से नदी के दूसरे किनारे में फंसे व्यक्तियों तक पहुंचाए गए। इसके बाद रस्सों के सहारे उन्हें मुश्किल से बाहर निकाला।
उन्होंने बताया कि जिन्हें रेस्क्यू कर नदी से बाहर निकाला गया उनमें वियान उम्र 11 वर्ष, शिवांश आठ वर्ष, प्रिया छह, प्रेम सिंह, विद्या देवी, राहुल उम्र, आशीष सभी निवासी बनियावाला वसंत विहार और कैनाल रोड निवासी उषा रावत, आशीष कुमार, राजेश सिंह, प्रदीप रावत शामिल हैं।

More Stories
स्कूल खुलने से महज 15 मिनट पहले डीएम का आदेश, बारिश के चलते देहरादून में सभी स्कूलों में अवकाश
भारी बारिश का अलर्ट: उत्तराखंड के पांच जिलों में स्कूल बंद, डीएम ने जारी किए आदेश
देहरादून में रेड अलर्ट के चलते कल सभी स्कूल व आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद, आदेश जारी