August 31, 2026

GarhNews

Leading News Portal of Garhwal Uttarakhand

देहरादून में आज भी स्कूलों में अवकाश, भारी बारिश के अलर्ट पर प्रशासन का फैसला

देहरादून। जिले में लगातार हो रही बारिश और अगले 24 घंटे में भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने मंगलवार 01 सितंबर को सभी शैक्षणिक संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से जारी आदेश के अनुसार मौसम विभाग और नेशनल डिजास्टर अलर्ट पोर्टल के अपडेट में देहरादून में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश, आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के अत्यंत तीव्र दौर की संभावना जताई गई है।

जिला प्रशासन ने मौसम की संभावित गंभीर स्थिति को देखते हुए यह निर्णय आपदा न्यूनीकरण और बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर लिया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि देहरादून जिले के कक्षा एक से 12 तक संचालित सभी सरकारी, गैर सरकारी और निजी विद्यालयों के साथ ही सभी आंगनबाड़ी केंद्र 1 सितंबर को बंद रहेंगे।

जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से जारी आदेश में मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि सभी संबंधित शिक्षण संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में आदेश का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित कराया जाए।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार देहरादून में बारिश का दौर अभी जारी रहने की संभावना है। 31 अगस्त और 1 सितंबर को जिले में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। बारिश के साथ आकाशीय बिजली और तेज बारिश के दौर से स्थानीय स्तर पर जलभराव, सड़क बाधित होने और संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन जैसी स्थिति पैदा हो सकती है।

प्रशासन ने मौसम की स्थिति को देखते हुए संबंधित विभागों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। खासकर बारिश के दौरान नदी-नालों, बरसाती गदेरों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत बताई गई है।

गौरतलब है कि इससे पहले भी भारी बारिश और मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए देहरादून में स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया जा चुका है। प्रशासन का कहना है कि मौसम की स्थिति को देखते हुए प्राथमिकता लोगों की सुरक्षा है।

About Author