अपराध

स्योली मल्ली मोड पर हुए हादसे में एक परिवार की तीन बेटियों की जान गई, एक शादीशुदा एक की हुई थी सगाई

पौड़ी: सोमवार को स्योली मल्ली माेड पर हुए वाहन हादसे में जाख निवासी कलम सिंह पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। उनकी तीन बेटियों की इस हादसे में जान चली गई। तीनों बहनों में से एक शादीशुदा थी, जिसका एक बेटा भी है। वहीं एक बहन की कुछ समय पहले सगाई हुई थी। वह खेती-बाड़ी कर बमुश्किल अपने परिवार का भरण-पोषण करते है, इस हादसे के बाद वह पूरी तरह टूट गए।

हादसे के तीन घायलों को मंगलवार को जिला अस्पताल से उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। जबकि तीन घायलों का एम्स में अभी भी उपचार चल रहा है। इन तीनों घायलों को गंभीर हालत में पौड़ी जिला अस्पताल से एम्स के लिए रात में ही रेफर कर दिया गया था। सोमवार की शाम को स्योली मल्ली मोड पर बारातियों का वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। हादसे में छह लोगों की मौत हो गई थी जबकि नौ अन्य घायल हो गए थे। हादसे के छह घायलों को पाबौ में स्वास्थ्य केंद्र पर प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया था। प्रशासन ने शवों का पीएम पैठाणी में करवाया। 

सोमवार को हुए इस हादसे से एक साथ चार-चार गांवों में मातम पसर गया। हादसे में सिलोली गांव के साथ ही जाख, स्योली और ईसोट गांवों के लोग भी गमगीन हैं। हादसे की वजह से बरात की खुशियां पल भर में मातम में बदल गई। ग्राम प्रधान वीरेंद्र ने बताया कि कलम सिंह अपने पूरे परिवार के साथ इस शादी समारोह में गए थे। सिलोली उनकी ससुराल है। यहां मामा की शादी में शामिल होने पर परिवार खुश था। सोमवार को डोबरी से वापस आते समय स्योली के पास वाहन के दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button