September 5, 2026

GarhNews

Leading News Portal of Garhwal Uttarakhand

मंदिर से मूर्तियां व चढ़ावा चोरी करने वाले 03 आरोपी 24 घंटे गिरफ्तार, कबाड़ी भी शामिल

देहरादून: राजपुर रोड स्थित पुरुकुल रोड स्थित माता भरना देवी मंदिर से अष्टधातु की मूर्तियां, घंटिया, दिया, अष्टधातु की थाली, शिवलिंग व नकद धनराशि चुराने वाले दो आरोपियों को राजपुर थाना पुलिस ने 24 घंटे के अंदर ही गिरफ्तार कर लिया है। गिरोह में एक कबाड़ी वाला भी शामिल है जिसने चोरी का सामान खरीदा था।

थानाध्यक्ष पीडी भट्ट ने बताया कि 03 सितंबर को पंकज जोशी निवासी भगवंतपुर राजपुर ने तहरीर दी कि चोरों ने पुरुकुल रोड स्थित माता भरना देवी मंदिर से अष्टधातु की मूर्तियां, घंटिया, दिया, अष्टधातु की थाली, शिवलिंग व नकद धनराशि चुरा ली है। तहरीर के आधार पर थाना राजपुर पर अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया। चौकी प्रभारी कुठालगेट प्रवीन सैनी की देखरेख में पुलिस टीम ने घटना स्थल तथा उसके आसपास आने जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की सहायता से घटना में शामिल सिद्धार्थ थापा निवासी बापू नगर जाखन व अंकित भंडारी निवासी बापू नगर जाखन को पुरकुल रोड से गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों के पास से मंदिर से चोरी सामान बरामद किया गया।

गिरफ्तार चोरों ने पूछताछ में बताया कि घटना में चोरी किए गए सामान में से कुछ सामान उन्होंने शत्रुघ्न नाम के एक कबाड़ी को बेच दिया है। पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मंगल तिराहा पुरुकुल रोड पर जंगल के पास से प्रकाश में आए आरोपित शत्रुघ्न कबाड़ी निवासी ग्राम कलसी, थाना सिमली, जनपद दरभंगा, बिहार वर्तमान निवासी काठबंगला, राजपुर को चोरी के खरीदे हुए सामान के साथ गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी सिद्धार्थ व अंकित भंडारी ने बताया कि वह दोनों नशे के आदी हैं तथा अपने नशे की आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए उन्होंने रेकी करने के बाद सुनियोजित तरीके से मंदिर में चोरी की घटना को अंजाम दिया था। घटना में चोरी किए सामान में से कुछ सामान उन्होंने शत्रुघ्न नाम के कबाडी को बेच दिया और प्राप्त धनराशि को अपने नशे की आवश्यकताओं की पूर्ति करने में खर्च कर दिया। आरोपित शत्रुघ्न ने बताया कि काठ बंगला राजपुर क्षेत्र में उसकी कबाड़ी की दुकान है लालच में उसने चोरी की घटना में प्राप्त सामान को कम दामों में खरीदा गया था, जिसे वह महंगे दामों में बेचकर मुनाफा कमाने की फिराक में था।

About Author