रोजगार समाचार

नौकरियों का खुलेगा पिटारा, डेढ़ साल में होगी दस लाख भर्तियां, रोजगार के मोर्चे पर केंद्र सरकार ने लिया फैसला

दिल्ली: नौकरियों का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए शुभ समाचार है। रोजगार के मोर्चे पर बड़ा फैसला लेते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरकारी विभागों और मंत्रालयों से डेढ़ साल में दस लाख भर्तियां करने को कहा है। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने मंगलवार सुबह ट्वीट कर इस काम को मिशन मोड में करने के निर्देश दिए हैं। 

पीएमओ ने कहा कि सभी सरकारी विभागों एवं मंत्रालयों में मानव संसाधन की स्थिति की समीक्षा के बाद प्रधानमंत्री का यह निर्देश आया है। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, रिक्त पदों की विस्तृत जानकारी मांगी गई थी। इसकी पूरी समीक्षा करने के बाद प्रधानमंत्री ने 10 लाख लोगों की भर्ती के निर्देश दिए।

वित्त मंत्रालय के तहत आने वाले व्यय विभाग द्वारा वेतन व भत्तों पर जारी ताजा वार्षिक रिपोर्ट के मुताबिक केंद्रीय विभागों में करीब 21.75 फीसदी पद खाली पड़े हैं। इसे देखते हुए प्रधानमंत्री ने मिशन मोड में काम करने का निर्देश दिया। बता दें कि कुल श्रम शक्ति का करीब 92 प्रतिशत हिस्सा पांच प्रमुख मंत्रालयों या विभागों के अंतर्गत आता है, इनमें रेलवे, रक्षा (सिविल), गृह कार्य, डाक और राजस्व शामिल हैं।

90 दिनों में 46 हजार भर्तियां निकाली जाएंगी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई सुरक्षा मामलों की समिति की बैठक में प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इसके बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और तीनों सेनाओं के प्रमुखों ने एक संवाददाता सम्मेलन में ‘अग्निपथ’ योजना का ऐलान किया। अगले 90 दिनों में अग्निपथ योजना के तहत 46 हजार भर्तियां निकाली जाएंगी। देश्व्यापी भर्ती प्रक्रिया के जरिये योग्यता के आधार पर अग्निवीरों की भर्ती होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button