देश विदेश

राष्ट्रीय मंच पर गूंजा उत्तराखंड पुलिस का नाम, लोकजीत सिंह को स्कॉच अवार्ड का सम्मान

देहरादून: चारधाम यात्रा 2025 के उत्कृष्ट और सुव्यवस्थित प्रबंधन के लिए पुलिस अधीक्षक यातायात लोकजीत सिंह को राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित स्काच अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान 28 मार्च 2026 को स्काच ग्रुप के 106वें समिट में इंडिया हैबिटल सेंटर नई दिल्ली में प्रदान किया जाएगा।

वर्ष 2024 की यात्रा के दौरान आई चुनौतियों से सबक लेते हुए पुलिस मुख्यालय ने पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप के अधीन विशेष कंट्रोल रूम के गठन करने का निर्णय लिया था। इस कंट्रोल रूम का प्रभारी लोकजीत सिंह को बनाया गया। सीमित समय में उन्होंने अपनी टीम के साथ कंट्रोल रूम की स्थापना कर व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दीं। लोकजीत सिंह के नेतृत्व में कंट्रोल रूम ने सिस्टमेटिक और टेक्नोलाजी आधारित अप्रोच अपनाई। यात्रा के दौरान आने वाली समस्याओं का त्वरित और समन्वित समाधान किया गया।

इसके अलावा सरकार, शासन और पुलिस विभाग के लिए वर्ष 2025 की चारधाम यात्रा को सुचारू और सुरक्षित रूप से संचालित करना बड़ी चुनौती थी। क्योंकि धराली आपदा के कारण उत्तरकाशी में यातायात प्रबंधन पूरी तरह से ठप हो गया था। इसके साथ ही पहलगाम आतंकी अटैक के दौरान सुरक्षा की चुनौती बन गई। धराली आपदा के बाद उन्होंने बेहतर ढंग से समन्वय बनाए रखा और श्री केदारनाथ व उत्तरकाशी में हेलिकाप्टर क्रेश में रेस्क्यू के कार्यों की देखरेख को उन्होंने बखूबी संभाला।

कोविड प्रबंधन के लिए हो चुके हैं सम्मानित
लोकजीत सिंह इससे पहले भी अपने उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित हो चुके हैं। वर्ष 2021 में कोविड प्रबंधन के लिए उन्हें फेडरेशन आफ इंडियन चैंबर्स आफ कामर्स एंड इंडस्ट्री (एफआइसीसीआइ) से नवाजा गया था। कोविड के दौरान जहां श्रमिकों के सामने भोजन की समस्या पैदा हो गई, और बाहरी राज्याें के लोगों के सामने अपने घर जाने का संकट पैदा हो गया तो उन्होंने जिम्मेदारी संभालते हुए पुलिस लाइन में बनाए गए कंट्रोल रूम में जिम्मा संभाला और किसी को भूखे नहीं सोने दिया। इसके अलावा व्यवस्थित तरीके से वाहनों से लोगों को उनके घर-घर भिजवाया।

राज्यपाल कर चुके हैं सम्मानित, डीजीपी ने दी बधाई
एसपी लोकजीत सिंह को वर्ष 2024 में चारधाम यात्रा प्रबंधन के लिए राज्यपाल की ओर से उत्कृष्ट सेवा पदक भी प्रदान किया गया था। एसपी लोकजीत उस समय पुलिस अधीक्षक ग्रामीण थे, उन्होंने ऋषिकेश से चारधाम यात्रा का प्रबंधन किया था। पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने एसपी यातायात लोकजीत सिंह को अवार्ड मिलने की बधाई दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button