
देहरादून: प्रेमनगर स्थित डाल्फिन कालेज से बीएससी की पढ़ाई कर रहे एक छात्र ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस को अब तक खुदकुशी के कारणों का पता नहीं लग पाया है और ना ही मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट मिला है। प्रेमनगर थाना पुलिस ने छात्र के स्वजनों को सूचना दे दी है, उनके देहरादून पहुंचने के बाद ही खुदकुशी के कारणों का पता चल सकेगा।

प्रेमनगर थानाध्यक्ष गिरीश नेगी ने बताया कि शुक्रवार दोपहर को मांडुवाला में एक छात्र की ओर से खुदकुशी करने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर तत्काल चौकी प्रभारी झाझरा विवेक राठी को मौके पर भेजा गया। मृतक की पहचान केडीबामगुमहींग लीगिस उम्र-22 वर्ष, निवासी पेउक्वाक्रम कालोनी, पेरेन टाउन, पेरेन मुख्यालय, नागालैंड के रूप में हुई।
बताया कि छात्र डाल्फिन कालेज में बीएससी कृषि छठे सेमेस्टर की पढ़ाई कर रहा था, जोकि मांडुवाला में किराए के कमरे में रह रहा था। युवक ने छत के लिए जा रही लोहे की सीढ़ी पर रस्सी से फांसी लगाकर खुदकुशी की है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए कोरोनेशन अस्पताल भिजवा दिया गया है। वहीं मृतक के स्वजनों को सूचना दे दी गई है। मौके से पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला।




