देहरादून। नशे की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सेलाकुई थाना पुलिस ने एक डिलीवरी बॉय को स्मैक तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी सामान डिलीवरी करने की आड़ में नशे के आदी लोगों तक स्मैक पहुंचाता था। पुलिस ने उसके कब्जे से 22.81 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 6.50 लाख रुपये बताई गई है। पूछताछ में पुलिस को कुछ अन्य नशा तस्करों के संबंध में भी जानकारी मिली है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर जिले भर में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सेलाकुई थानाध्यक्ष शेंकी कुमार व उनकी टीम ने शुक्रवार को क्षेत्र में आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान तेलपुरा स्थित जंगलात चौकी के पास पार्क में संदिग्ध गतिविधियां नजर आने पर पुलिस ने एक युवक को रोककर उसकी तलाशी ली।
तलाशी के दौरान युवक के कब्जे से 22.81 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान कमल चौधरी उर्फ बॉबी निवासी कुआंखेड़ा, थाना लक्सर, हरिद्वार के रूप में हुई है। आरोपी वर्तमान में राजावाला, सेलाकुई में किराये पर रह रहा था और उसकी उम्र करीब 30 वर्ष है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह डिलीवरी बॉय का काम करता है। इसी काम की आड़ में वह स्मैक की सप्लाई भी कर रहा था। पुलिस के मुताबिक आरोपी एक स्थानीय नशा तस्कर से स्मैक खरीदकर लाता था और फिर उसे नशे के आदी लोगों को ऊंचे दामों में बेचता था। डिलीवरी का काम होने के कारण उसे अलग-अलग स्थानों पर आने-जाने में आसानी होती थी और इसी की आड़ में वह मादक पदार्थ पहुंचाता था।
मामले में थाना सेलाकुई में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान सामने आए अन्य नशा तस्करों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है और उनके खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सुमेर सिंह, कांस्टेबल वीर सिंह और कांस्टेबल मधुसूदन शामिल रहे।

More Stories
हल्की टक्कर के बाद सड़क पर लिटाकर स्कूटी सवार को पीटा, तमाशबीन बनी पुलिस व लोग
पार्षद अमिता सिंह के घर से नौकर ने उड़ाए गहने व नकदी, लाइसेंसी पिस्टल भी चोरी
विकलांगता प्रमाणपत्र के लिए मांगी पांच हजार की रिश्वत, ऑर्थोपेडिक सर्जन गिरफ्तार